

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Independence Day 2026: PM Modi hoisted the Tricolour at the Red Fort; 'Vande Mataram' resonated officially for the first time.
नई दिल्ली। देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। यह लगातार 13वीं बार है जब प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह की सबसे खास बात लाल किले पर पहली बार आधिकारिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन रहा। राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेना के बैंड ने इसकी धुन प्रस्तुत की। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स और ‘माय भारत’ के स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रगान के साथ 21 तोपों की सलामी दी गई और भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों से पुष्पवर्षा की गई।
लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत को अब दूसरे देशों पर निर्भर रहने के बजाय अपनी क्षमता और सामर्थ्य के दम पर आगे बढ़ना होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई भी देश तब महान बनता है, जब वह अपने सपनों को साकार करता है। बड़े सपने सोच को विस्तार देते हैं और मजबूत संकल्प उन्हें पूरा करने की ताकत देते हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब छोटे सपनों से चलने वाला देश नहीं है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पिछले 12 वर्षों में देश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि डिफेंस प्रोडक्शन चार गुना, खादी और ग्रामोद्योग पांच गुना तथा इलेक्ट्रिक मैन्युफैक्चरिंग सात गुना बढ़ी है।
उन्होंने बताया कि रेलवे कोच निर्माण में 21 गुना और मोबाइल फोन उत्पादन में 33 गुना वृद्धि हुई है। इंटरनेट यूजर्स की संख्या चार गुना और डिजिटल ट्रांजैक्शन 100 गुना बढ़े हैं।
प्रधानमंत्री के मुताबिक बीते वर्षों में हर साल औसतन 15 गुना ज्यादा तेजी से नल से जल कनेक्शन दिए गए। गैस कनेक्शन देने की रफ्तार छह गुना, शौचालय निर्माण की गति चार गुना और गरीबों के लिए घर बनाने की रफ्तार तीन गुना बढ़ी है।
पीएम मोदी ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’, स्वदेशी और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियान आज देशवासियों के मन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मनिर्भरता केवल एक नारा नहीं बल्कि देश की आर्थिक और तकनीकी क्षमता को मजबूत करने का अभियान है।
प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में भारत की प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के लगभग हर क्षेत्र में चिप की अहम भूमिका है और इसके बिना आधुनिक अर्थव्यवस्था की रफ्तार प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक भारत में सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने की चर्चा होती रही, लेकिन अब देश ने इस दिशा में ठोस कदम उठाया है। प्रधानमंत्री के मुताबिक भारत में तीन सेमीकंडक्टर प्लांट शुरू हो चुके हैं और वहां से निर्यात भी शुरू हो गया है।
प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में देशवासियों से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत को अपनी क्षमता, तकनीक और संसाधनों के बल पर दुनिया में नई पहचान बनानी है।