

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: Lok Sabha notice to Rahul Gandhi; response sought by August 28 regarding remarks made about Amit Shah.
नई दिल्ली। लोकसभा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित असंसदीय और अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में नोटिस जारी किया है। राहुल गांधी से 28 अगस्त तक अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है। यह कार्रवाई बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर और संजय जायसवाल की शिकायतों के आधार पर की गई है।
मामला 29 जुलाई को लोकसभा में एंटी-पेपर लीक बिल पर हुई चर्चा से जुड़ा है। आरोप है कि चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने अमित शाह को लेकर आपत्तिजनक और असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल किया था। इनमें ‘इडियट’ और ‘अंधभक्त’ जैसे शब्द शामिल होने का दावा किया गया है।
बाद में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश पर इन शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया था।
लोकसभा में बीजेपी के चीफ व्हिप संजय जायसवाल ने राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। उन्होंने 29 जुलाई को लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर राहुल गांधी के खिलाफ सदन के नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की थी।
जायसवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने भी 30 जुलाई को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने सदन में असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के साथ गंभीर आरोप भी लगाए।
ठाकुर ने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी ने लोकसभा के नियम 353 के तहत आवश्यक पूर्व सूचना दिए बिना आरोप लगाए।
लोकसभा की ओर से नोटिस जारी होने के बाद अब राहुल गांधी को अपना पक्ष रखना होगा। उनके जवाब के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर फैसला होने की संभावना है। इस घटनाक्रम के चलते एंटी-पेपर लीक बिल पर हुई बहस से शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब संसदीय कार्रवाई तक पहुंच गया है।