

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Independence Day Celebrations: CM Sai hoisted the flag at the Police Parade Ground; 17 platoons performed an impressive march past.
रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश दिया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में कुल 17 प्लाटूनों ने भव्य मार्च पास्ट किया। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी विमल कुमार पाठक ने किया, जबकि परेड टू-आई-सी निशांत गौरव कुर्रे रहे।

इस बार बिहार पुलिस की टुकड़ी को आमंत्रित वर्ग के तहत परेड में शामिल किया गया। मार्च पास्ट में BSF, CRPF, ITBP, CISF, SSB, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, NCC, बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड ने हिस्सा लिया।

महिला बैगपाइपर बैंड दल की आकर्षक प्रस्तुति ने भी समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
परेड के उत्कृष्ट दलों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्मानित किया। केंद्रीय बलों की श्रेणी में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टुकड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता दल को 5 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई।

वहीं, BSF की टुकड़ी दूसरे और CRPF की टुकड़ी तीसरे स्थान पर रही। BSF को 3 हजार और CRPF को 2 हजार रुपए नकद राशि के साथ ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
राज्य बलों की श्रेणी में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (महिला) की टुकड़ी ने पहला स्थान प्राप्त किया। विजेता दल को 5 हजार रुपए और ट्रॉफी दी गई।

छत्तीसगढ़ जेल पुलिस की टुकड़ी दूसरे स्थान पर रही, जिसे 3 हजार रुपए और ट्रॉफी मिली। वहीं छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल (पुरुष) ने तीसरा स्थान हासिल किया और उसे 2 हजार रुपए नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई।

कंटीजेंट NCC वर्ग में NCC गर्ल्स की टुकड़ी प्रथम और NCC बॉयज की टुकड़ी दूसरे स्थान पर रही। मुख्यमंत्री ने दोनों दलों के कमांडरों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
समारोह में परेड टू-आई-सी निशांत गौरव कुर्रे, परेड कमांडर विमल कुमार पाठक, महिला बैगपाइपर दल की कमांडर सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर अनिल यादव और श्वान दल के कमांडर राज कपूर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इसके अलावा परेड प्रस्तुतियों में योगदान के लिए डॉ. अनुराधा दुबे और मनीष परमानंद को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों, अनुशासित मार्च पास्ट और विभिन्न सुरक्षा बलों की भागीदारी ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को यादगार बना दिया।