

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

India vs Zimbabwe Women T20 Series 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए तैयार है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक सीरीज के तीनों मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को खेले जाएंगे। तीनों मैच शाम 7 बजे से शुरू होने की संभावना है। लगातार तीन मुकाबलों के जरिए रायपुर में महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों ने दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और दर्शकों की अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। वहीं, मैच के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य एवं मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था भी रखी जाएगी।
ई-टिकट स्कैनिंग के लिए ओपन वाई-फाई
दर्शकों के लिए इस बार ई-टिकट व्यवस्था को भी सुविधाजनक बनाया जा रहा है। टिकट ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। ई-टिकट की स्कैनिंग में मोबाइल नेटवर्क की वजह से किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास दिए जाने की भी व्यवस्था रहेगी, ताकि दर्शकों को वाहन पार्क करने में परेशानी न हो।
खाने-पीने और पानी की भी व्यवस्था
मैच देखने पहुंचने वाले दर्शकों के लिए स्टेडियम परिसर में खाने-पीने की चीजों के साथ पर्याप्त मात्रा में पीने के पानी की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि मैच के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो।
10 अक्टूबर से शुरू हो सकती है टिकट बिक्री
क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ी जानकारी टिकट को लेकर है। 10 अक्टूबर से टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू होने की संभावना है। ऐसे में भारत-जिम्बाब्वे के मुकाबले देखने के इच्छुक दर्शक टिकट बिक्री शुरू होते ही ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।
11 अक्टूबर को रायपुर पहुंच सकती है भारतीय टीम
सीरीज से पहले दोनों टीमों के रायपुर पहुंचने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक भारतीय महिला टीम 11 अक्टूबर, जबकि जिम्बाब्वे की टीम 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंच सकती है।
भारतीय टीम को सीरीज से पहले करीब चार दिन अभ्यास का मौका मिलेगा। वहीं जिम्बाब्वे की टीम भी रायपुर पहुंचने के बाद मुकाबलों की तैयारी करेगी।
क्रिकेट फैंस में बढ़ा उत्साह
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाली यह सीरीज रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास मौका होगी। एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सितारे नवा रायपुर के मैदान पर नजर आएंगे।
अब सबकी नजरें 10 अक्टूबर की टिकट बिक्री पर हैं। इसके बाद 16 अक्टूबर को जब भारत और जिम्बाब्वे की टीमें मैदान पर उतरेंगी, तो नवा रायपुर का स्टेडियम क्रिकेट के रोमांच से सराबोर नजर आएगा।