

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Indian Air Force air show at the 2026 Chhattisgarh State Festival
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी नवा रायपुर में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय 'छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आयोजन होने जा रहा है। नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (तूता मेला ग्राउंड) में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तैयारियां भव्यता के साथ चल रही हैं।
इस वर्ष का राज्योत्सव विशेष रूप से 'सशक्त नारी-युवा उड़ान' तथा 'माओवाद मुक्त छत्तीसगढ़' की थीम पर केंद्रित रहेगा, जिसमें राज्य की बदलती तस्वीर, विकास और सांस्कृतिक समृद्धि का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
इस बार के राज्योत्सव में दर्शकों के लिए सबसे बड़ा और ऐतिहासिक आकर्षण भारतीय वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन होगा। राज्योत्सव के इतिहास में पहली बार भारतीय वायुसेना की विख्यात 'सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम' और 'सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम' नवा रायपुर के गगन में अपने हैरतअंगेज हवाई करतब और फॉर्मेशन फ्लाइंग का लाइव प्रदर्शन करेंगी। आसमान में गूंजती गर्जना और जांबाज पायलटों के करतब उत्सव में देशभक्ति और रोमांच का नया रंग भरेंगे। उत्सव के मुख्य मंच पर राष्ट्रीय और बॉलीवुड कलाकारों की लाइव प्रस्तुतियां शाम को यादगार बनाएंगी। बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य, मशहूर गायिका पलक मुच्छाल और प्रसिद्ध गायिका स्वस्ति मेहुल अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध माटी की खुशबू भी मंच पर बिखरेगी। बस्तर और सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश से आए लोक कलाकार पारंपरिक पंथी, करमा, राउत नाचा, सुआ और गौर मांदरी जैसे पारंपरिक नृत्यों और लोकगीतों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करेंगे।
इस तीन दिवसीय समारोह में केंद्र और राज्य के शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहेंगे। 1 नवंबर को भव्य उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है। वहीं, 3 नवंबर को आयोजित होने वाले समापन एवं राज्य अलंकरण समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित पूरा राज्य मंत्रिमंडल उपस्थित रहेगा। इस गरिमामय मंच से कला, साहित्य, खेल, कृषि, सहकारिता, महिला उत्थान और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली राज्य की 40 उत्कृष्ट विभूतियों को प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
नवा रायपुर के तूता ग्राउंड में शासन के सभी प्रमुख विभागों द्वारा विशाल विकास प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस', जनकल्याणकारी योजनाओं और 'विकसित भारत-अंजोर छत्तीसगढ़' के रोडमैप को प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें आम नागरिकों के लिए पारंपरिक हथकरघा, बस्तरिया कलाकृतियों, माटी-शिल्प और छत्तीसगढ़ी पारंपरिक खानपान के विशेष स्टॉल भी उपलब्ध रहेंगे।