

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Intoxicated villager wandered the village with a cobra wrapped around his neck; the snake bit him multiple times; he fled the hospital.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ग्रामीण ने शराब के नशे में कोबरा सांप को पकड़ लिया और उसे गले में लपेटकर पूरे गांव में घूमता रहा। इतना ही नहीं, वह घर के बाहर खड़े होकर सांप को गले में लपेटे हुए डांस भी करता नजर आया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भदौरा निवासी संतराम भैना (40) के पड़ोसी के घर बुधवार को एक कोबरा सांप घुस गया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद संतराम मौके पर पहुंचा। उसने कोबरा को खोजकर पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि उस समय संतराम नशे में था। सांप पकड़ने के बाद उसने उसे छोड़ने के बजाय गले में लपेट लिया और गांव में घूमता रहा।
ग्रामीणों के अनुसार, संतराम के गले में लिपटे कोबरा ने उसे कई बार डसा। इसके बावजूद वह सांप को लेकर घूमता रहा और घर के बाहर डांस भी किया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।
आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल के गेट तक पहुंचने के बाद संतराम वहां से भाग निकला।
संतराम के अस्पताल से चले जाने के बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजन और ग्रामीण किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए उसकी तलाश कर रहे हैं। घटना को लेकर गांव में भी चिंता का माहौल है। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें संतराम को कोबरा को गले में लपेटकर घूमते हुए देखा जा सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, जहरीले सांप के काटने के बाद समय गंवाए बिना अस्पताल पहुंचना बेहद जरूरी है। सांप का जहर शरीर में तेजी से फैल सकता है और समय पर उपचार नहीं मिलने पर स्थिति जानलेवा हो सकती है।
ऐसे में सांप को पकड़ने, उसके साथ खेलने या उसे गले में लपेटने जैसी जोखिम भरी हरकत बिल्कुल नहीं करनी चाहिए। सांप दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखना और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद लेना ही सबसे सुरक्षित तरीका है।
भारत में सांपों की 300 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं। इनमें कई प्रजातियां जहरीली हैं। सांप के काटने की घटनाओं में ग्रामीण क्षेत्र के किसान, मजदूर और जंगल या खेतों में काम करने वाले लोग अधिक जोखिम में रहते हैं।