

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major ED action in Chhattisgarh: Raids in Durg following Dhamtari; Vishwas Gupta questioned for 8 hours.
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बीच दुर्ग और धमतरी से बड़ी अपडेट सामने आई है। दुर्ग में कारोबारी विश्वास गुप्ता के घर पर करीब 8 घंटे तक चली पूछताछ के बाद ED की टीम रवाना हो गई है। वहीं कारोबारी सजल जैन के ठिकाने पर जांच अब भी जारी है। दूसरी ओर धमतरी में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े सिहावा रोड स्थित ठिकाने पर भी ED की टीम दस्तावेजों और रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
दुर्ग में ED की टीम सुबह कारोबारी विश्वास गुप्ता के घर पहुंची थी। करीब आठ घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान पांच अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की। टीम ने घर में उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य कारोबारी रिकॉर्ड की भी जांच की।
पूछताछ पूरी होने के बाद ED के अधिकारी वहां से रवाना हो गए। हालांकि, कार्रवाई के दौरान क्या जानकारी सामने आई या किन दस्तावेजों की जांच की गई, इसे लेकर ED की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
दुर्ग में ही कारोबारी सजल जैन के घर पर ED की कार्रवाई अभी जारी है। यहां करीब एक दर्जन अधिकारी और सुरक्षाकर्मी मौजूद बताए जा रहे हैं। टीम कारोबारी गतिविधियों से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि विश्वास गुप्ता और सजल जैन रिद्धि सिद्धि बिल्डर्स में पार्टनर हैं। दोनों के बीच कारोबारी कनेक्शन को देखते हुए ED की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।
इधर धमतरी में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े सिहावा रोड स्थित आवास पर भी ED की टीम जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा यहां दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।
रामगोपाल अग्रवाल को कथित शराब घोटाले के साथ-साथ कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों में भी आरोपी बनाया गया है। वह फिलहाल ED की न्यायिक रिमांड में जेल में बंद हैं।
ED की कार्रवाई केवल दुर्ग और धमतरी तक सीमित नहीं है। रायपुर में भी कई ठिकानों पर जांच की गई है। इनमें रामगोपाल अग्रवाल का अनुपम नगर स्थित आवास और उनके करीबी माने जाने वाले कारोबारी अनूप अग्रवाल का रवि नगर स्थित घर शामिल है।
इस तरह रायपुर, दुर्ग और धमतरी में अलग-अलग ठिकानों पर ED की कार्रवाई एक साथ चल रही है।
फिलहाल ED की ओर से इन कार्रवाई में बरामद दस्तावेजों, किसी तरह की संपत्ति या पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। दुर्ग में विश्वास गुप्ता से पूछताछ पूरी हो चुकी है, जबकि सजल जैन के घर पर जांच जारी है। धमतरी में भी रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े ठिकाने पर ED की पड़ताल चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा सामने आने की उम्मीद है।