

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

It is Congress's habit to raise questions on EVM and Election Commission after losing: Chief Minister Vishnu Dev Sai
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चुनाव प्रक्रिया और EVM को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय कभी EVM तो कभी चुनाव आयोग पर आरोप लगाती है। जनता अब कांग्रेस के इस दोहरे रवैये को समझ चुकी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस जब इसी EVM के जरिए चुनाव जीतती है और उसके सांसद-विधायक चुने जाते हैं, तब उसे EVM में कोई खामी नजर नहीं आती। लेकिन चुनाव हारने पर उसी EVM को अपनी हार का जिम्मेदार ठहराया जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है और राजनीतिक दलों को उसका सम्मान करना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल की यात्रा को बताया प्रेरक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से बधाई दी। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके 25 वर्ष पूरे हुए हैं।
साय ने कहा कि यह 25 वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा है। इसी अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रदेश में 38 जगह बनेंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित किए जाएंगे। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा और उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना है।
सिंगापुर दौरे में छत्तीसगढ़ को मिले बड़े निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे की उपलब्धियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास के दौरान वे ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम-2026’ में शामिल हुए।
इस दौरान सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के सामने छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाएं प्रस्तुत की गईं। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों को छत्तीसगढ़ में निवेश करने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने का न्योता दिया।
₹41,750 करोड़ के AI डेटा सेंटर का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री के मुताबिक सिंगापुर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ को बड़े प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव Energy Capital Global की ओर से बताया गया है।
कंपनी छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए करीब ₹41,750 करोड़ का निवेश करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के निवेश से छत्तीसगढ़ को डिजिटल अर्थव्यवस्था और भविष्य की तकनीक के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही प्रदेश के युवाओं के लिए आधुनिक तकनीक, AI और नए उद्योगों में रोजगार एवं करियर के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
डेढ़ साल में ₹8.23 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति लागू होने के बाद करीब डेढ़ वर्ष में छत्तीसगढ़ को ₹8.23 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए एमओयू भी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ये प्रस्ताव छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों और सुशासन के प्रति उद्योग जगत के बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं। सरकार का लक्ष्य केवल निवेश प्रस्ताव हासिल करना नहीं, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारकर वास्तविक उद्योग, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में बदलना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर प्लांट और AI डेटा सेंटर जैसे भविष्य के क्षेत्रों में भी काम शुरू हो चुका है। सरकार की कोशिश है कि निवेश से प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिले, स्थानीय उद्योगों और उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर मिले और छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अपनी मजबूत भूमिका निभाए।