

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

JEE Main's first session between January 22 and 30, 2027... NTA releases calendar for 14 exams up to March.
नई दिल्ली। इंजीनियरिंग समेत उच्च शिक्षा में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने आगामी परीक्षाओं का संभावित कार्यक्रम जारी कर दिया है। कैलेंडर के अनुसार जेईई मेन 2027 का पहला सत्र 22 से 30 जनवरी के बीच आयोजित किया जा सकता है। वहीं यूजीसी नेट के दिसंबर सत्र की परीक्षा 14 से 19 दिसंबर 2026 तक और सीयूईटी पीजी 2027 की परीक्षा एक से 25 मार्च के बीच प्रस्तावित है।
एनटीए ने दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक आयोजित होने वाली कुल 14 प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया है। इसमें जेईई मेन, यूजीसी नेट और सीयूईटी पीजी के अलावा नेशनल इंडियन मिलिट्री कॉलेज, नेशनल मिलिट्री स्कूल, आर्मी कैडेट कॉलेज और प्रबंधन शिक्षा से जुड़ी सीएमएटी समेत अन्य परीक्षाएं शामिल हैं।कैलेंडर के मुताबिक दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में पांच-पांच परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। फरवरी और मार्च 2027 में दो-दो परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
एनटीए की ओर से परीक्षा कार्यक्रम पहले जारी किए जाने से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई की योजना बनाने और विषयवार तैयारी का समय निर्धारित करने में सुविधा होगी। खासकर जेईई मेन जैसी प्रतिस्पर्धी परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए परीक्षा की संभावित अवधि पहले पता चलने से रिवीजन और मॉक टेस्ट की रणनीति तय करना आसान होगा।
जेईई मेन देश की प्रमुख इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल है। इसका आयोजन आम तौर पर साल में दो सत्रों में किया जाता है। पहला सत्र जनवरी में और दूसरा सत्र अप्रैल में होता है। जनवरी सत्र में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को दूसरे सत्र में भी परीक्षा देने का अवसर मिलता है। अंतिम तिथियां और विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम एनटीए की ओर से अलग से जारी किए जाएंगे।