

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

JSSC CGL Paper Leak: Paper leak exposed in Jharkhand's JSSC-CGL exam; ₹12 lakh extorted from each candidate.
रांची। झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CGL) में पेपर लीक का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। सीआईडी की पूछताछ में गिरफ्तार अभय तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी ने कथित तौर पर पेपर लीक से जुड़े कई अहम राज खोले हैं। पूछताछ में सामने आया कि पेपर उपलब्ध कराने के एवज में प्रत्येक अभ्यर्थी से 12-12 लाख रुपये वसूले गए थे।
सीआईडी के अनुसार, बोकारो में अभय तिवारी समेत करीब 15 अभ्यर्थियों को कथित तौर पर पेपर रटवाया गया था। इन अभ्यर्थियों से प्रति व्यक्ति 12 लाख रुपये के हिसाब से कुल 1.80 करोड़ रुपये की रकम वसूले जाने की बात सामने आई है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अभय तिवारी ने पेपर लीक की पूरी प्रक्रिया और इससे जुड़े लेन-देन को लेकर जानकारी दी है। मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।
अभय तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी पहले से ही JPSC मेधा घोटाला मामले में गिरफ्तार होकर जेल में है। बताया गया है कि वह झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत था। गिरफ्तारी के समय अभय तिवारी गोड्डा में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर कार्यरत था।
सीआईडी की पूछताछ में अभय तिवारी ने कथित तौर पर यह भी बताया कि वह खुद JSSC-CGL परीक्षा में शामिल हुआ था और 48वीं रैंक हासिल कर सफल हुआ था। जांच में उसके परिवार के अन्य सदस्यों के परीक्षा में चयनित होने की जानकारी भी सामने आई है।
अभय तिवारी के भाई अक्षय तिवारी और अक्षय की पत्नी सुषमा कुमारी के भी JSSC-CGL परीक्षा में चयनित होने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, अक्षय तिवारी वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग में जेएसए के पद पर कार्यरत हैं, जबकि सुषमा कुमारी निगरानी विभाग में पदस्थापित हैं।
पेपर लीक के इस खुलासे के बाद JSSC-CGL परीक्षा की प्रक्रिया और इससे जुड़े लोगों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सीआईडी अब कथित पेपर लीक में शामिल अन्य लोगों, अभ्यर्थियों और पैसों के लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है। जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में और भी गिरफ्तारियां या नए खुलासे सामने आने की संभावना है।