

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Jeevandata Parivar Samman 2026: Event to be held in Indore on November 28; families of organ donors and medical teams will be honored.
इंदौर। अंगदान के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और दूसरों को जीवनदान देने वाले परिवारों के मानवीय योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से 2030 का भारत फाउंडेशन द्वारा 28 नवंबर को ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इंदौर के एक होटल में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाले इस समारोह में अंग एवं टिश्यू दान करने वाले परिवारों के साथ-साथ अंगदान के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों, डॉक्टरों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स और अस्पतालों को सम्मानित किया जाएगा।
जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 को तीन प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ है, जिसके तहत अंग अथवा टिश्यू दान करने वाले परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। दूसरी श्रेणी ‘जीवन प्रेरणा सम्मान’ की है, जिसमें अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को शामिल किया गया है। वहीं तीसरी श्रेणी ‘जीवन सारथी सम्मान’ के अंतर्गत अंगदान और ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स, अस्पतालों और उनकी मेडिकल टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
इन तीनों श्रेणियों में सम्मानित होने वाले व्यक्तियों और संस्थानों का चयन विभिन्न सर्वेक्षणों से प्राप्त जानकारी एवं आंकड़ों के आधार पर विशेषज्ञों की टीम द्वारा किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य अंगदान और ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों और संस्थानों को पहचान दिलाना है, ताकि उनके प्रयासों को समाज के सामने लाया जा सके।
कार्यक्रम के सूत्रधार और 2030 का भारत फाउंडेशन के संस्थापक अतुल मलिकराम ने कहा कि अंगदान केवल एक चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता से जुड़ा ऐसा निर्णय है, जो किसी व्यक्ति के जाने के बाद भी कई लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने सबसे कठिन समय में अंगदान का निर्णय लिया, उनका साहस और उदारता पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। संस्था का प्रयास ऐसे परिवारों और अंगदान की प्रक्रिया से जुड़े लोगों को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में इस विषय पर जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से अंगदान को व्यापक सामाजिक अभियान बनाया जा सकता है। इस पहल में नीलेश मुले और एमएससी एजेंसी इंडिया जैसी संस्थाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान है।
गौरतलब है कि 2030 का भारत फाउंडेशन शून्य भुखमरी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा जैसे सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में जमीनी स्तर पर काम कर रहा है। संस्था द्वारा शिक्षकों को सशक्त बनाने के लिए टीचर्स एम्पावरमेंट प्रोग्राम संचालित किया जा रहा है। इसके साथ ही कैदियों के पुनर्वास की दिशा में भी सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। संस्था का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि लोगों में सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।
संस्था के अनुसार मध्य प्रदेश में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अभी काफी प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से अंगदान जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण विषय पर संवाद को बढ़ावा देने, समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और जरूरतमंद मरीजों को जीवन की नई उम्मीद देने का प्रयास किया जाएगा।