

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Dhamtari News: Woman trader defrauded of Rs 60 lakh; accused arrested for siphoning off funds by presenting fake bills
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में महिला व्यापारी से 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में कुरुद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पेश करने वाले आरोपी विनय अग्रवाल को महासमुंद से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुरुद के धोबनीपारा निवासी 48 वर्षीय उर्मिला शर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक लेनदेन के तहत आरोपी विनय अग्रवाल को केनरा बैंक के माध्यम से RTGS द्वारा अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ रुपये दिए थे। आरोपी ने इनमें से 40 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष 60 लाख रुपये लौटाने में आनाकानी करता रहा।
शिकायत के मुताबिक, बकाया 60 लाख रुपये हड़पने की नीयत से आरोपी ने 16 जून से 24 जून 2023 के बीच 2360 क्विंटल चावल FCI मंदिर हसौद गोदाम में जमा कराने के नाम पर 8 फर्जी और कूटरचित इनवाइस/बिल तैयार किए। इन दस्तावेजों को उसने महिला व्यापारी के सामने पेश किया। जांच के दौरान दस्तावेजों की तारीखों और उनमें दर्ज तथ्यों में कई विसंगतियां सामने आईं।
महिला की शिकायत की जांच में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों का उपयोग किए जाने की पुष्टि होने पर थाना कुरुद में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 467, 468, 471 और 420 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुरुद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उसे महासमुंद से हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय अग्रवाल (52 वर्ष), पिता स्वर्गीय महावीर जी अग्रवाल, निवासी वार्ड क्रमांक 30, आदर्श नगर, थाना एवं जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।