

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Komal Hupendi Joins AAP
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर दल-बदल की हलचल देखने को मिली है। आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने अपनी पुरानी पार्टी में वापसी कर ली है। उन्होंने प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत और सहप्रभारी सौरभ झा की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी की दोबारा सदस्यता ग्रहण की। कुछ दिन पहले ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) से इस्तीफा दिया था।
कोमल हुपेंडी ने साल 2016 में आम आदमी पार्टी के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें छत्तीसगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि, 16 जनवरी 2024 को उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने के साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था।
इसके बाद अप्रैल 2024 में कोमल हुपेंडी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। अब करीब ढाई साल बाद उन्होंने भाजपा से नाता तोड़कर एक बार फिर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है।
कोमल हुपेंडी की घर वापसी को छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी के संगठन विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का मानना है कि हुपेंडी के राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक कार्यों का लाभ पार्टी को मिलेगा। उनकी वापसी के बाद प्रदेश में पार्टी की गतिविधियों और संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किए जाने की उम्मीद है।
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आम आदमी पार्टी में कोमल हुपेंडी को आगे कौन-सी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी जाती है।