

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ईडी की रिमांड अर्जी में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल का नाम केस से हटवाने के लिए दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर को हवाला के जरिए करीब 180 करोड़ रुपये दिए गए थे। इसके लिए 65 लाख रुपये मासिक फीस भी तय की गई थी।
ईडी की शुरुआती जांच के मुताबिक, हिमांशु ने खुद को जांच अधिकारियों और न्यायपालिका में अच्छी पहुंच रखने वाला बताया था। उसने भरोसा दिलाया था कि वह जांच अधिकारियों को मैनेज कर सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और शुभम सोनी के नाम केस से हटवा सकता है। इसके लिए 65 लाख रुपये प्रतिमाह की फीस तय की गई थी।
चुनाव से पहले रायपुर आकर अधिकारियों से की थी मुलाकात
ईडी की जांच में सामने आया है कि हिमांशु शुभम सोनी के लगातार संपर्क में था। विधानसभा चुनाव 2023 से पहले वह रायपुर आया था और अधिकारियों के साथ-साथ न्यायपालिका से जुड़े लोगों से भी मुलाकात की थी। पुलिस अधिकारियों से भी उसका संपर्क था। तेलीबांधा के एक होटल की पार्किंग से असीम दास की गिरफ्तारी के मामले में भी हिमांशु का नाम सामने आया था। असीम के वकील ने ईडी अधिकारी पर कार में पैसे रखने का आरोप लगाया था।
मोबाइल में मिले सौरभ के तीन नंबर और 473 MB का वीडियो
हिमांशु के जब्त मोबाइल से ईडी को 'महादेव बुक' के प्रिव्यू वाला 473 MB का वीडियो और सौरभ चंद्राकर के तीन मोबाइल नंबर मिले हैं। जांच में पता चला कि हिमांशु ने 3 अक्टूबर 2023 को दुबई के विला नंबर 45 में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से मुलाकात की थी। हिमांशु ने अपने बैंक खाते में वसीम से 25 लाख और प्रमोटरों से 40 लाख रुपये मिलने की बात स्वीकार की है। हालांकि, उसने इस रकम को पेशेवर फीस बताया।
छह महीने में नौ विदेश यात्राएं, किस्तों में भुगतान की जांच
इमिग्रेशन रिकॉर्ड के मुताबिक, हिमांशु 21 से 25 अक्टूबर और 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2023 तक दुबई में था। दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच उसने नौ विदेश यात्राएं कीं। ईडी इन यात्राओं को सौरभ चंद्राकर से मिली रकम और किस्तों में भुगतान संबंधी बयानों से जोड़कर जांच कर रही है।
एक साल में कंपनी का राजस्व 52 लाख से बढ़कर 15.55 करोड़
ईडी की जांच में हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के राजस्व में भी बड़ी वृद्धि सामने आई है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में कंपनी का राजस्व 52.66 लाख रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये हो गया। यानी एक साल में कंपनी का राजस्व करीब 30 गुना बढ़ा। 31 मार्च 2025 तक कंपनी में हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
सीबीआई जांच के दायरे में भी हिमांशु शेखर
महादेव सट्टा मामले में सीबीआई भी जांच अधिकारियों के खिलाफ लगे आरोपों की पड़ताल कर रही है। इसी जांच के दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आया था। ईडी के मुताबिक, हिमांशु को देश छोड़कर भागने की आशंका के चलते 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर दुबई जाते समय रोका गया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया।
सोमवार रात 10:15 बजे उसे विशेष अदालत में पेश किया गया। करीब ढाई घंटे की सुनवाई के बाद अदालत ने 28 नवंबर तक के लिए ईडी को उसकी रिमांड सौंप दी।