

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Nagpur Robbery Case
भोपाल: महाराष्ट्र के नागपुर में कारोबारी से करोड़ों रुपये की लूट के मामले में मध्य प्रदेश के बालाघाट से बड़ा सुराग मिला है। क्राइम ब्रांच की टीम ने डोरलीमाल गांव के एक खेत में छिपाकर रखे गए करीब 4 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। लूट की रकम को पराली के ढेर के नीचे तीन बोरियों में छिपाकर रखा गया था।
जानकारी के मुताबिक, नागपुर लूटकांड की जांच कर रही क्राइम ब्रांच की टीम एक आरोपी को लेकर डोरलीमाल गांव पहुंची थी। आरोपी की निशानदेही पर टीम खेत में पहुंची, जहां पराली के ढेर की तलाशी ली गई। जैसे ही पराली हटाई गई, वहां तीन बोरियां दिखाई दीं। जब बोरियों की जांच की गई तो उनमें करोड़ों रुपये भरे हुए मिले। मौके पर करीब 4 करोड़ रुपये बरामद होने से पुलिस टीम भी हैरान रह गई।
3.74 करोड़ की हुई थी लूट, बरामदगी करीब 4 करोड़ की
बता दें कि बीते दिनों नागपुर में एक कारोबारी से 3 करोड़ 74 लाख रुपये की लूट की वारदात हुई थी। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस को बालाघाट में छिपाई गई रकम का सुराग मिला। हालांकि, लूट की बताई गई रकम और बरामद राशि में अंतर सामने आया है।
फिलहाल क्राइम ब्रांच की टीम ने बरामद रकम जब्त कर ली है और नोटों की गिनती की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि बरामद पूरी रकम लूटकांड से जुड़ी है या नहीं और इस वारदात में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।