

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Jewelry shop theft in Kushalpur solved; two accused and a minor arrested, and goods worth ₹4.50 lakh recovered.
रायपुर। कुशालपुर इलाके में न्यू नंदी ज्वेलर्स का ताला तोड़कर करीब 4 लाख रुपए के चांदी के जेवर और अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मेस्ट्रो समेत करीब 4.50 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है।
दुकान संचालक अजय मंडल के मुताबिक, उन्होंने 31 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे न्यू नंदी ज्वेलर्स बंद की थी। अगले दिन सुबह करीब 11 बजे दुकान पहुंचने पर शटर का एक ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर चांदी के जेवर, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास समेत अन्य सामान गायब थे।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में वारदात के बाद एक स्कूटी दिखाई दी। पुलिस ने स्कूटी की कंपनी और रंग की पहचान करने के बाद उसके संभावित रूट पर लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
जांच के दौरान स्कूटी चला रहे युवक के हिप्पी कट बाल पुलिस के लिए अहम सुराग बने। स्कूटी कबीर नगर की ओर जाती मिली। इसके बाद पुलिस ने इलाके में पहले नकबजनी और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों का रिकॉर्ड खंगाला। इसी जांच में संजय चौहान की पहचान हुई।
पुलिस ने संजय चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने न्यू नंदी ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके साथी होरीलाल पंकज और एक नाबालिग को भी पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी संजय चौहान आदतन चोर है। उसके खिलाफ डीडी नगर, कोतवाली और गुढ़ियारी समेत अलग-अलग थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले जेल भी जा चुका है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात वाले दिन संजय, होरीलाल और नाबालिग ने साथ में शराब पी थी। इसके बाद तीनों शहर में घूम रहे थे। इसी दौरान मलसाय तालाब के पास उन्हें ज्वेलरी शॉप दिखाई दी।
तीनों ने इलाके में दो-तीन बार घूमकर दुकान की रेकी की और इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस के अनुसार, चोरी की पहले से कोई विशेष तैयारी नहीं की गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि संजय चौहान और होरीलाल पंकज की दोस्ती जेल में हुई थी। जेल में मारपीट की एक घटना के दौरान संजय ने होरीलाल की मदद की थी। इसके बाद दोनों लगातार संपर्क में रहे और बाद में इस वारदात में साथ शामिल हो गए।
पुलिस के अनुसार, होरीलाल सरस्वती नगर थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में भी फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवर, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास समेत अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल मेस्ट्रो स्कूटी भी जब्त की गई है। बरामद कुल माल की कीमत करीब 4.50 लाख रुपए बताई गई है। CCTV फुटेज, पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया।