

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Katni Fire Accident: Massive fire in Barhi, Katni, on Diwali night; 6 members of the same family, including a two-month-old infant, dead.
कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रात करीब 12 बजे एक क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में दो माह के मासूम समेत एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, बरही में पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में रात करीब 12 बजे आग लगी। आग तेजी से फैलते हुए ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई। इमारत में फंसे परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए रातभर राहत और बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतकों की पहचान पूरन अग्रवाल (77), उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और दो माह के मासूम के रूप में हुई है।
आग लगने के बाद इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल ने लगातार प्रयास किए। सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था।
हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि आग और धुएं को देखकर दोनों ने शोर मचाया और किसी तरह इमारत से बाहर आ गए, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य अंदर ही फंसे रह गए।
इस हादसे ने बरही की अग्निशमन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार, आग लगने के करीब एक घंटे बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। इसके चलते आग बुझाने में परेशानी हुई।
करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से दमकल वाहन पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप में भी खराबी बताई गई। बाद में कैमोर और कटनी से दमकल वाहन बुलाए गए। आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को निकालने के लिए सुबह तक मशक्कत करनी पड़ी।
दीपावली जैसे त्योहार पर आग लगने की आशंका अधिक रहती है। ऐसे में दमकल वाहनों की खराब स्थिति और राहत कार्य में हुई देरी को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि दमकल व्यवस्था दुरुस्त होती और समय पर प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो शायद कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के शुरुआती घंटों में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। लोगों ने मदद के लिए तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
सुबह करीब चार बजे बरही पुलिस के एसआई विनोदकांत सिंह और दिनेश सिंह बघेल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। सुबह करीब सात बजे विजयराघवगढ़ के एसडीओपी वीरेंद्र धारवे भी घटनास्थल पर पहुंचे। नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल और कर्मचारी तीरथ चतुर्वेदी रिंकू पूरी रात राहत कार्य में जुटे रहे।
हादसे के दौरान बरही के युवाओं ने भी राहत और बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मदन सोनी, कृष्णकांत ताम्रकार, पिंटू ताम्रकार समेत कई युवाओं ने दमकलकर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने और बचाव अभियान में सहयोग किया। आग की लपटों के बीच युवाओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना मदद की।
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू दो माह के मासूम की मौत है। बताया गया कि बच्चा अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल के कमरे में था। आग और धुएं के कारण मां-बेटे समेत परिवार के अन्य सदस्य बाहर नहीं निकल पाए। वहीं, चंद्रकला और परिवार की दोनों बच्चियां भी इमारत में फंस गई थीं। सुबह जब बचाव दल ने उन्हें बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि हादसे में छह लोगों की जान गई है, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
वहीं, एसडीओपी वीरेंद्र धारवे ने बताया कि मृतकों में दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन बच्चे शामिल हैं। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह दीपक या शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
बरही का यह अग्निकांड सिर्फ एक परिवार की बड़ी त्रासदी नहीं है, बल्कि दमकल व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं की तैयारी और प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। अब इस मामले में निष्पक्ष जांच और लापरवाही की जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग उठ रही है।