

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक परेशराम दास को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोमवार (9 नवंबर) को बरुईपुर जिला पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने उन्हें कोलकाता एयरपोर्ट से उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह मुंबई जाने की कोशिश कर रहे थे। विधायक पर यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप हैं।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, परेशराम दास कैनिंग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। पुलिस के अनुसार, उनके खिलाफ कैनिंग थाने में केस नंबर 561/2026 दर्ज है। यह मामला 5 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 376, 323, 420, 120बी और 506 के तहत आरोप लगाए गए हैं।
तीन साल पहले भी लगा था दुष्कर्म का आरोप
परेशराम दास पर करीब तीन साल पहले सितंबर महीने में भी दुष्कर्म का आरोप लगा था। एक महिला ने कैनिंग के SDPO के सामने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि विधायक ने उसे घर में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। अब एक बार फिर यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच उनकी गिरफ्तारी हुई है।
पंचायत चुनाव हिंसा और अवैध कब्जे के भी आरोप
विधायक परेशराम दास का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। उन पर मटला नदी के किनारे अवैध कब्जा करने का आरोप लगा था। इसके अलावा 2023 के पंचायत चुनावों के दौरान हिंसा भड़काने की साजिश रचने का आरोप भी लगाया गया था।
चुनाव के दौरान इलाके में हुई हिंसक घटनाओं और फायरिंग के मामले में CID ने भी उनकी भूमिका की जांच की थी। फायरिंग के बाद हत्या की कोशिश का मामला दर्ज हुआ था, जिसकी जांच बाद में CID को सौंप दी गई थी। चुनाव बाद हिंसा के सिलसिले में भी उनके खिलाफ कई अन्य मामले और FIR दर्ज होने की बात सामने आई है।
केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने दी प्रतिक्रिया
TMC विधायक की गिरफ्तारी पर केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें पहले से पता था कि विधायक के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ जो भी सजा मिलेगी, उन्हें भुगतनी होगी।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस गिरफ्तारी को लेकर हलचल तेज हो गई है।