

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Kerala gets new Chief Minister, Congress approves VD Satheesan's name
नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद करीब 10 दिनों तक चली लंबी चर्चा और मंथन के बाद कांग्रेस ने आखिरकार केरल के नए मुख्यमंत्री के तौर पर वीडी सतीशन के नाम का ऐलान कर दिया। गुरुवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की गई। कांग्रेस नेताओं मुकुल वासनिक, दीपा दास मुंशी और अजय माकन ने संयुक्त रूप से सतीशन के नाम की घोषणा की।
केसी वेणुगोपाल से था कड़ा मुकाबला
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में वीडी सतीशन और कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा मानी जा रही थी। पार्टी नेतृत्व ने कई दौर की बैठकों और विधायकों से रायशुमारी के बाद सतीशन के नाम पर अंतिम मुहर लगाई।
छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर
कोच्चि के पास नेत्तूर में जन्मे वीडी सतीशन का परिवार लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा रहा है। पेशे से वकील और सामाजिक कार्यकर्ता रहे सतीशन ने केरल छात्र संघ के जरिए सक्रिय राजनीति में कदम रखा। छात्र राजनीति से उभरकर उन्होंने कांग्रेस संगठन में अपनी मजबूत पहचान बनाई और धीरे-धीरे राज्य की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए।
छह बार के विधायक हैं सतीशन
वीडी सतीशन 2001 से लगातार परवूर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे छह बार विधायक चुने जा चुके हैं। प्रखर वक्ता और सड़क पर संघर्ष करने वाले नेता की छवि रखने वाले सतीशन को कांग्रेस का जुझारू चेहरा माना जाता है। विपक्ष के दौरान उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ कई मुद्दों पर आक्रामक भूमिका निभाई थी।
संगठन और सरकार में संतुलन की चुनौती
मुख्यमंत्री बनने के बाद वीडी सतीशन के सामने सबसे बड़ी चुनौती संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की होगी। साथ ही चुनावी वादों को जमीन पर उतारने और राज्य में विकास की रफ्तार बढ़ाने पर भी उनकी अग्निपरीक्षा रहेगी।