

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Keshkal Ghat bypass work order
रायपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की जीवनरेखा कहे जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (रायपुर-जगदलपुर मार्ग) पर सफर करने वालों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर है। बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बाईपास रूट के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने चयनित निर्माण एजेंसी को कार्यादेश (Work Order) जारी कर दिया है।
हाल ही में उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने अपने बस्तर दौरे के दौरान इस बाईपास के काम में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए थे, जिसके बाद विभाग ने यह त्वरित कदम उठाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे प्रोजेक्ट का खाका बेहद भव्य है। इस बाईपास के निर्माण पर कुल 308 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। केशकाल घाट बाईपास की कुल लंबाई 11.38 किलोमीटर होगी। सफर को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए इस बाईपास मार्ग में 2 बड़े (वृहद) और 2 मध्यम पुल भी बनाए जाएंगे।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को सख्त लहजे में हिदायत दी है कि निर्माण सामग्री और काम की गुणवत्ता में किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने इस काम को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए यह बाईपास अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे तेजी से पूरा कर आवाजाही शुरू कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।