

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Key BJP meeting on the 'Seva Sankalp Abhiyan'; strategy formulated in the presence of VD Sharma.
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान को गति देने के लिए सांसद एवं राष्ट्रीय संकुल संयोजक वीडी शर्मा छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में उनकी मौजूदगी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान की आगामी रूपरेखा, कार्यक्रमों और संगठन स्तर पर तैयारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया जा रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के लिए गठित 13 टोलियां भी बैठक में शामिल हैं। इस दौरान अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों और विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है। साथ ही आगामी कार्यक्रमों को लेकर जिम्मेदारियां तय करने और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर चर्चा हो रही है।
पार्टी स्तर पर अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संगठनात्मक कार्ययोजना तैयार किए जाने की संभावना है। पदाधिकारियों से अभियान से जुड़े कार्यों का फीडबैक लेकर आगे की गतिविधियों की रूपरेखा भी तय की जा रही है।
भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक महीने का विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में एक महत्वपूर्ण चरण की शुरुआत की थी। भाजपा इस अभियान के माध्यम से उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों, विकास योजनाओं और राष्ट्र निर्माण से जुड़े योगदान को जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर मंगलवार से दो दिवसीय बैठकों की शुरुआत हुई थी। पहले दिन अभियान के लिए गठित प्रदेश की टोलियों के साथ बैठक कर अब तक की गतिविधियों और कार्यों की समीक्षा की गई।
इसके बाद भाजपा के महापौर और सभापतियों के साथ बैठक हुई। वहीं जिला पंचायत और नगर पंचायत के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों से भी अभियान को लेकर फीडबैक लिया गया।
अब दूसरे दिन की बैठक में वीडी शर्मा की मौजूदगी में सेवा संकल्प अभियान की 13 टोलियों के साथ आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर चर्चा की जा रही है। बैठक के जरिए अभियान को बूथ से लेकर संगठन के विभिन्न स्तरों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने की रणनीति तैयार किए जाने पर जोर है।
आगामी एक महीने के दौरान होने वाले कार्यक्रमों, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों और अभियान के प्रचार-प्रसार को लेकर भी इस बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।