

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Kondagaon Obscene Video Case Aman Virani Bail May Be Cancelled
कोंडागांव। तीन दर्जन से अधिक महिलाओं और युवतियों को शादी का झांसा देकर उनके अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने के गंभीर मामले के मुख्य आरोपी अमान वीरानी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ने वाली हैं। वर्तमान में उच्च न्यायालय से जमानत पर बाहर चल रहे आरोपी के खिलाफ शर्तों के उल्लंघन और पीड़ितों पर दबाव बनाने की शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों के बाद कोंडागांव पुलिस आरोपी की जमानत निरस्त कराकर उसे पुनः हिरासत में लेने के लिए न्यायालय में अपील करने की तैयारी कर रही है।
कोंडागांव के पुलिस अधीक्षक (SP) पंकज चंद्रा ने शुक्रवार को स्वयं केशकाल पहुंचकर इस संवेदनशील मामले की विस्तृत समीक्षा की और जांच की प्रगति का जायजा लिया।
क्या है पूरा मामला?
लगभग एक वर्ष पूर्व एक महिला अधिकारी ने केशकाल निवासी अमान वीरानी के खिलाफ दोस्ती कर अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब आरोपी को गिरफ्तार कर उसके मोबाइल फोन की जांच की, तो उसमें से तीन दर्जन से अधिक महिलाओं और युवतियों के अश्लील वीडियो बरामद होने का सनसनीखेज दावा किया गया था। गिरफ्तारी के करीब तीन महीने बाद आरोपी को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी।
जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी अमान वीरानी कुछ समय जगदलपुर में रहा और वर्तमान में वह अपने गृह क्षेत्र केशकाल में एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में काम कर रहा है। हाल ही में एक-दो पीड़ित महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी उन पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है।
प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों के परीक्षण में यह बात सामने आई है कि आरोपी संभवतः न्यायालय द्वारा जमानत के दौरान तय की गई शर्तों का पालन नहीं कर रहा है।
"पीड़िता के आवेदन पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों का परीक्षण जारी है। अब तक की पड़ताल से संकेत मिले हैं कि आरोपी ने जमानत की शर्तों का उल्लंघन किया है। यदि इसकी पूर्ण पुष्टि होती है, तो पुलिस उसकी जमानत निरस्त कराने के लिए अदालत में अपील करेगी, जिसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है।" - पंकज चंद्रा, पुलिस अधीक्षक, कोंडागांव
ई-मेल के माध्यम से मिली शिकायत पर कार्रवाई के संबंध में एसपी ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता से संपर्क साधा था। हालांकि, इसी बीच पीड़िता एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गईं और उन्होंने अस्वस्थ होने के कारण ठीक होने के बाद बयान दर्ज कराने की बात कही थी। पुलिस लगातार उनके संपर्क में है और जल्द ही उनका बयान दर्ज किया जाएगा। इस मामले से जुड़े अन्य संबंधित लोगों के बयान पहले ही लिए जा चुके हैं और उनकी तस्दीक की जा रही है।
सामान्य परिस्थितियों में जमानत पर छूटे व्यक्ति पर पुलिस निगरानी नहीं रखती, लेकिन इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस हर एक तथ्य की गहराई से जांच कर रही है। जांच पूरी होते ही पुलिस द्वारा त्वरित और आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।