

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: LPG cylinder supply delayed, consumers waiting for 5-6 days
रायपुर। मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक ऑयल सप्लाई पर असर पड़ रहा है, जिसका प्रभाव अब भारत की रसोई तक दिखाई देने लगा है। LPG सिलेंडर सप्लाई पर भी इसका असर महसूस किया जा रहा है। हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 114 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्रभावित हो रही है। होली की छुट्टियों और अचानक बढ़ी मांग के कारण सिलेंडर की रीफिलिंग और वितरण में देरी हो रही है। कई जगहों पर LPG सिलेंडर सप्लाई 5 से 6 दिन तक पीछे चल रही है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नियम क्या कहते हैं
नियमों के अनुसार एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरा सिलेंडर 21 से 25 दिनों के भीतर ही बुक किया जा सकता है। कंपनियों का लक्ष्य बुकिंग के 24 घंटे के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी करना होता है। लेकिन मौजूदा स्थिति में बुकिंग के बाद डिलीवरी लगभग 5 दिन तक देरी से हो रही है।
उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी
अमलीडीह की निवासी सुधा केशरवानी बताती हैं कि 5 मार्च को उनका सिलेंडर खत्म हो गया था। उन्होंने उसी दिन बुकिंग करने की कोशिश की, लेकिन शुक्रवार शाम को बुकिंग हो पाई। सोमवार को डिलीवरी मिली, लेकिन नए रेट के अनुसार भुगतान करना पड़ा।
इसी तरह दलदल सिवनी की मंदाकिनी मिश्रा ने गुरुवार को बुकिंग की थी, लेकिन सोमवार तक सिलेंडर नहीं पहुंचा। वहीं डीडी नगर की भूमिका ठाकुर को भी कई दिनों से गैस का इंतजार है। गैस खत्म होने के कारण उन्हें इंडक्शन और माइक्रोवेव से काम चलाना पड़ रहा है।
कंपनियों और एसोसिएशन का दावा
एचपीसीएल ने अपने उपभोक्ताओं को एसएमएस जारी कर बताया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचना चाहिए।
वहीं इंडेन वितरक संघ के अध्यक्ष विकास मरकान के अनुसार त्योहार के कारण सप्लाई बाधित हुई है, लेकिन जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ दिनों में LPG सिलेंडर सप्लाई की व्यवस्था फिर से सुचारु हो सकती है।