

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: Legendary marksman Jaspal Rana passed away, a wave of grief in the sports world
नई दिल्ली। भारतीय निशानेबाजी जगत के लिए शुक्रवार का दिन बेहद दुखद रहा। देश के दिग्गज निशानेबाज और प्रतिष्ठित कोच Jaspal Rana का 49 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार जसपाल राणा हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में गए थे। प्रतियोगिता में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद वह खिलाड़ियों के साथ नई दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान यात्रा के दौरान उन्हें असहज महसूस हुआ। दिल्ली पहुंचने पर उन्हें तुरंत साकेत स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया।
जसपाल राणा के निधन की खबर सामने आते ही देशभर के खिलाड़ियों, कोचों और खेल प्रेमियों ने गहरा दुख व्यक्त किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि जसपाल राणा केवल एक उत्कृष्ट खिलाड़ी और कोच ही नहीं थे, बल्कि बेहद सरल, सहज और नेकदिल इंसान भी थे। उन्होंने भारत में निशानेबाजी को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मूल निवासी जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते थे। उन्होंने अपने करियर में वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप और एशियाई खेलों में कई स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।
उनकी उपलब्धियों को देखते हुए भारत सरकार ने वर्ष 2002 में उन्हें Padma Shri से सम्मानित किया था। निशानेबाजी को देश के युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाने में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
प्रतियोगी निशानेबाजी से संन्यास लेने के बाद जसपाल राणा ने कोचिंग के क्षेत्र में नई पहचान बनाई। उन्होंने कई युवा निशानेबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
पेरिस ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर भी उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेने वाली प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहीं। टोक्यो ओलंपिक के बाद मनु भाकर और जसपाल राणा के बीच मतभेद चर्चा में रहे थे, लेकिन वर्ष 2023 में दोनों फिर साथ आए। इसके बाद पेरिस ओलंपिक की तैयारी के दौरान जसपाल राणा ने मनु को प्रशिक्षित किया और उनकी सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।