

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Lord Ganesha enshrined at the Chief Minister's residence.
रायपुर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में सोमवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिवारजनों के साथ विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाज से भगवान गणेश की स्थापना कर पूजा-अर्चना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश से छत्तीसगढ़ के लोगों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भगवान गणेश बुद्धि और विवेक के प्रतीक हैं। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश की आराधना से करने की हमारी प्राचीन परंपरा रही है। गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करने वाला उत्सव भी है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में तीज-त्योहारों और उत्सवों का विशेष महत्व है। हमारे पर्व हमें अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं और परिवार व समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं। गणेशोत्सव का उल्लास भी लोगों को सामूहिकता, सद्भाव और लोकमंगल की भावना से जोड़ता है।
गणेश स्थापना के अवसर पर मुख्यमंत्री के परिवारजन, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।