

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Grand inauguration of 32nd All India State Election Commissioners Conference, Governor Deka released 'Chhattisgarh Local Body Election Year Book-2026'
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में बुधवार को 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। लगभग 11 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर किया।
राज्यपाल ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ का किया विमोचन
शुभारंभ समारोह के विशेष अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। यह प्रकाशन छत्तीसगढ़ में स्थानीय निकाय निर्वाचन की प्रक्रिया, उपलब्धियों, नवाचारों और चुनावी व्यवस्थाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का दस्तावेज प्रस्तुत करता है।
स्थानीय निकाय चुनावों में पारदर्शिता और तकनीक पर जोर
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने स्थानीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में स्थानीय निकायों के चुनाव की प्रक्रिया में निरंतर सुधार और आधुनिक तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल जरूरी है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने किया अतिथियों का स्वागत
इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने देशभर से सम्मेलन में पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्तों, वरिष्ठ अधिकारियों और निर्वाचन विशेषज्ञों का स्वागत किया। उन्होंने सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय निकाय चुनावों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
मुख्य सचिव विकास शील ने बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई
छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव विकास शील ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने स्थानीय स्वशासन और निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के साथ-साथ प्रशासन एवं निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के महत्व पर अपने विचार रखे।
सम्मेलन में स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों से जुड़े समसामयिक विषयों, डिजिटल पहलों, तकनीकी नवाचारों तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के उपायों पर व्यापक चर्चा की जा रही है।
डिजिटल तकनीक और निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार पर चर्चा
सम्मेलन के पहले दिन डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार, पारदर्शिता और स्थानीय निकाय निर्वाचन प्रक्रियाओं को अधिक सुगम बनाने जैसे विषयों पर परिचर्चा शुरू हुई।
कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह और आयोग की सचिव श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत भी किया गया।

इस दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव ने अपने विचार व्यक्त किए। वहीं स्थायी समिति के संयोजक सुधांशु पांडे ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दो दिवसीय सम्मेलन में साझा होंगे राज्यों के अनुभव
दो दिवसीय यह सम्मेलन देश में स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने, निर्वाचन व्यवस्थाओं में आधुनिक तकनीक के समावेश और विभिन्न राज्यों के अनुभवों एवं नवाचारों को साझा करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए राज्य निर्वाचन आयुक्त, वरिष्ठ अधिकारी और निर्वाचन विशेषज्ञ स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

17 सितंबर को स्टैंडिंग कमिटी की बैठक
सम्मेलन के दूसरे दिन 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में स्टैंडिंग कमिटी की बैठक आयोजित होगी।इसके बाद नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (NRDA) की ओर से कैपिटल सिटी, नया रायपुर के निर्माण और विकास को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ विधानसभा और संग्रहालयों का होगा भ्रमण
दूसरे दिन सम्मेलन में शामिल अतिथियों को नया रायपुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भ्रमण प्रस्तावित है।
इस तरह 32वां अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन स्थानीय लोकतंत्र, निर्वाचन सुधार और तकनीकी नवाचारों को लेकर राज्यों के बीच अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।