

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tribal community active regarding prayer meetings in Dhamtari... calls to raise awareness among people through meetings at the village level.
धमतरी। धमतरी जिले के अलग-अलग इलाकों में ईसाई प्रार्थना सभाओं में शामिल होने के लिए सामने आए आवेदनों को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने सक्रियता बढ़ा दी है। संगठन ने जिले के विभिन्न आदिवासी समाज प्रमुखों और पदाधिकारियों को पत्र भेजकर ग्रामीण स्तर पर बैठकें आयोजित करने और लोगों से संवाद करने की अपील की है।
सर्व आदिवासी समाज ने अपने पत्र में कहा है कि प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए आवेदन करने वाले लोगों से समाज की परंपरा, संस्कृति, आस्था और सामुदायिक हितों को लेकर बातचीत की जाए। संगठन ने समझाइश के माध्यम से लोगों को अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया है।समाज ने संबंधित क्षेत्रों में ऐसे लोगों की जानकारी जिला संगठन तक पहुंचाने को भी कहा है। पत्र के अनुसार, समझाइश के बाद भी यदि कोई व्यक्ति प्रार्थना सभा में शामिल होता है तो उसकी जानकारी संगठन को उपलब्ध कराने की अपील की गई है।
संगठन ने सभी समाज प्रमुखों से अपने-अपने क्षेत्र की स्थिति की जानकारी तैयार करने को कहा है। आगामी जिला बैठक से पहले यह रिपोर्ट संगठन तक पहुंचाने की अपील की गई है, ताकि पूरे मामले पर समाज स्तर पर चर्चा कर आगे की दिशा तय की जा सके।
सर्व आदिवासी समाज जिला धमतरी के जिलाध्यक्ष जीवराखन लाल मरई ने समाज के प्रमुखों, पदाधिकारियों और ग्रामीण प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक करने को कहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की अपनी विशिष्ट संस्कृति, परंपरा, सामाजिक व्यवस्था और आस्था रही है। ऐसे में समाज के लोगों को अपनी सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए संवाद और समझाइश का रास्ता अपनाया जाना चाहिए।
पत्र में यह भी कहा गया है कि समझाइश के बाद सामने आने वाली स्थिति और संबंधित लोगों की जानकारी के आधार पर आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर समाज स्तर पर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। संगठन ने फिलहाल ग्रामीण क्षेत्रों में संवाद और बैठक के जरिए स्थिति को समझने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।