

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Police vehicle stripped of official mobile phone and beat diary while officers were clearing a traffic jam; case registered against two youths.
रायपुर। आमापारा चौक के पास ट्रैफिक जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मी पेट्रोलिंग वाहन से नीचे उतरे और इसी दौरान सरकारी मोबाइल व बीट डायरी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया है।मामले में सुभम सिंह (19) और अभय मिश्रा (20) को आरोपित बनाया गया है। दोनों के खिलाफ आजाद चौक थाने में चोरी सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार घटना सितंबर की एक रात करीब 11 बजे आमापारा चौक स्थित साईं मंदिर के पास हुई। आजाद चौक थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए सरकारी वाहन से आरक्षक सचित शर्मा और मुकेश पाण्डेय के साथ निकली थीं।साईं मंदिर के पास पहुंचने पर पुलिस टीम को सड़क पर ट्रैफिक जाम मिला। थाना प्रभारी और दोनों आरक्षक पेट्रोलिंग वाहन से उतरकर यातायात व्यवस्था संभालने लगे।
यातायात सामान्य होने के बाद पुलिसकर्मी जब अपने वाहन के पास वापस पहुंचे तो आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि दो युवक पुलिस की गाड़ी के पास आए थे और वहां से एक मोबाइल फोन व बीट डायरी निकालकर ले गए थे।स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ समय बाद दोनों युवक वापस भी आए और सामान को दोबारा पेट्रोलिंग वाहन में रखकर वहां से चले गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में दो युवक पेट्रोलिंग वाहन के पास पहुंचते दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार दोनों ने सरकारी ई-साक्ष्य मोबाइल और बीट डायरी वाहन से निकाली और अपनी जेब में रख ली।कुछ देर बाद दोनों युवक वापस वाहन के पास पहुंचे और सामान को फिर से गाड़ी में रखकर वहां से निकल गए। फुटेज में मिले हुलिए के आधार पर पुलिस ने दोनों की पहचान सुभम सिंह और अभय मिश्रा के रूप में की।
इस मामले में पहले थाना प्रभारी की ओर से किसी तरह की चोरी नहीं होने की बात कही गई थी। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया।अब पुलिस ने उसी थाने में दोनों युवकों के खिलाफ चोरी का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।