

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP Crime News: ₹1.93 crore fraud in Indore under the guise of stock market investment; case registered against five people, including a couple.
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में शेयर मार्केट में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 1 करोड़ 93 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित कुलदीप सिंह की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी गौरव जैन, उसकी पत्नी विजेता जैन सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित को शेयर मार्केट में निवेश कर आकर्षक रिटर्न दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसी विश्वास में पीड़ित ने अलग-अलग समय पर कुल 1.93 करोड़ रुपये आरोपियों को सौंप दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो उसे शेयर बाजार में निवेश किया गया और न ही तय समय पर पैसे वापस लौटाए गए।
शिकायत में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जब उसने अपनी निवेश की गई रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को शुरुआती तौर पर यह जानकारी मिली है कि निवेश के नाम पर ली गई पूरी राशि आरोपियों ने अपने निजी उपयोग में खर्च कर दी। फिलहाल पुलिस बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच कर रही है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपी गौरव जैन पूर्व में भी एक विवाद के कारण चर्चा में रह चुका है। उसने पहले लसूड़िया थाने में पदस्थ एक पुलिसकर्मी पर घर में घुसकर डकैती करने के आरोप लगाए थे। पुलिस अब उस पृष्ठभूमि को भी जांच के दायरे में शामिल कर रही है।
पुलिस को आशंका है कि निवेश के नाम पर ठगी के ऐसे और भी मामले सामने आ सकते हैं। इसी को देखते हुए संभावित पीड़ितों से संपर्क किया जा रहा है, ताकि पूरे नेटवर्क और ठगी के दायरे का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।