

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP News: CM Mohan Yadav's big statement on Vijay Shah case; said- 'The matter is all judicial... Congress should stop this drama...'
भोपाल। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुर्रेशी के लिए की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर प्रदेश का सियासी पारा उफान पर है, कांग्रेस ने आज इसे लेकर काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया, राजभवन के सामने धरना दिया और विजय शाह की बर्खास्तगी की मांग की, कांग्रेस के प्रदर्शन पर सीएम डॉ मोहन यादव ने पलटवार किया है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस के प्रदर्शन को नाटक कहा, उन्होंने पलटवार करते हुए कहा मामला न्यायालय के विचाराधीन है, कोर्ट के आदेश पर ही एफआईआर हुई है, इसलिए कांग्रेस नाटक बंद करे वो न्यायालय से बढ़कर नहीं है।
सीएम ने कांग्रेस को याद दिलाते हुए कांग्रेस कितने भी नाटक कर ले, कांग्रेस को भी पता है कि, मामला न्यायालय में है और न्यायालय से बढ़कर तो कोई नहीं है। नेता प्रतिपक्ष पर भी मुकदमा था, क्या कांग्रेस उनका इस्तीफा मांगेगी, न्यायालय का जहां भी अपमान करने का मौका होता है वहां कांग्रेस बाज नहीं आती है।
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने जब प्रधानमंत्री रहते हुए इंदिरा गांधी के खिलाफ फैसला दिया तो इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगवा दिया था, सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक को लेकर जो निर्णय दिया उसे कानून को बदलने का काम भी कांग्रेस ने किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यायालय के हर आदेश का पालन किया है। ट्रिपल तलाक को लेकर भी आए और सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद राम मंदिर भी बनवाया, ये हमारी सरकार है, हम न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हैं, जो न्यायालय आदेश देती है वह हम पालन करते हैं।
न्यायालय के आदेश का मखौल उड़ाने का काम हमेशा कांग्रेस करती है, कांग्रेस पीछे मुड़कर देखेगी तो उनके निर्णय न्यायालय के मखौल उड़ाते मिलेंगे, उनका रिकॉर्ड है न्यायालय के आदेश का मजाक बनाने का , कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ कोर्ट ने आदेश दिया, कांग्रेस ने उसका क्या किया, क्या न्यायालय के आदेश पर सिद्धारमैया को हटा दिया। अरविंद केजरीवाल सीएम रहते जेल गए, तब कांग्रेस ने उनसे इस्तीफे की मांग क्यों नहीं की। न्यायालय जो निर्णय करेगा सरकार उसके साथ है।
वहीं, कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए विवादित बयान के खिलाफ आज नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और बर्खास्त करने के लिए ज्ञापन सौंपा। इसके बाद राजभवन के बाहर कांग्रेस विधायक दल ने अपनी मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की और उमंग सिंघार सहित कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन के दौरान कहा कि, ये न सिर्फ़ मेजर सोफिया कुरैशी का बल्कि हर उस बेटी का अपमान है जो देश के लिए वर्दी पहनती है। उमंग सिंघार ने सरकार को कटघरे में लेते हुए सवाल किया कि, 48 घंटे से ज्यादा का समय हो चुका है लेकिन बीजेपी ने अब तक विजय शाह पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की है। हुई। उन्होंने पूछा कि जब हाईकोर्ट इस मामले में संज्ञान ले रहा है तो भाजपा क्यों मौन है।
भोपाल में आज कांग्रेस नेताओं ने विजय शाह के खिलाफ ज़ोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल को ज्ञापन सौंपकर मंत्री विजय शाह को बर्खास्त करने की मांग की। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने काले कपड़े पहनकर राजभवन के बाहर धरना प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। जब पुलिस इन्हें हटाने आई तो कांग्रेसियों ने धरने से उठने से मना कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने उमंग सिंघार सहित कुछ अन्य कांग्रेस नेताओं को गिरफ़्तार किया और अपने साथ ले गई। इस दौरान कांग्रेस लगातार विजय शाह को हटाने की मांग करती रही। उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि, बीजेपी की पुलिस देश की सेना के साथ नहीं है। ये पुलिस भारतीय जनता पार्टी की हो गई है और देश की सेना और देश के जवानों के साथ नहीं हैं।
गिरफ्तारी से पहले धरने पर बैठे उमंग सिंघार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इतना समय हो जाने के बाद भी अब तक बीजेपी ने विजय शाह पर कोई भी कार्रवाई क्यों नहीं की है। उन्होंने पूछा कि ‘क्या बीजेपी की विजय शाह के कृत्य के साथ मौन स्वीकृति है। क्या बीजेपी देश की सेना से बड़ी हो गई है। जब हाईकोर्ट इस मामले पर संज्ञान लेकर FIR करने के निर्देश दे रहा है तो सरकार क्यों चुप है। क्या आप अपने मंत्रीमंडल को और विजय शाह को सेना से बड़ा मानते हैं। इसीलिए हमने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है कि, वे अपने अधिकार का उपयोग करते हुए उन्हें बर्खास्त करें।’ नेता प्रतिपक्ष ने सवाल किया कि, बीजेपी की खामोशी क्या इस बात का संकेत है कि वो ऐसे लोगों को संरक्षण दे रहे हैं।