

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Madku receives a gift worth ₹68.96 crore
रायपुर, 25 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम मदकू में आयोजित कार्यक्रम में 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की लागत के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, खेल और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर’ में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की गति को तेज करने के साथ जनसेवा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
सरगांव में खुलेगा ट्रॉमा सेंटर
मुख्यमंत्री ने सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की घोषणा की। इसके अलावा पिपर डोल और लमती की प्राथमिक शालाओं को मिडिल स्कूल में उन्नत करने का ऐलान किया गया।
उन्होंने ताला महोत्सव और मदकू द्वीप उत्सव के लिए 15-15 लाख रुपये तथा पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मदकू में बनेगा इको टूरिज्म सेंटर
मदकू द्वीप के ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यहां 75 लाख रुपये की लागत से इको टूरिज्म सेंटर स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही मदकू द्वीप में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत प्रदेश की पहचान और गौरव है। विरासत के संरक्षण के साथ पर्यटन सुविधाओं का विकास होने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होंगे।
बिजली और सड़क से जुड़े कार्यों की भी घोषणा
मुख्यमंत्री ने मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की। चंदखुरी की कोर बस्ती में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये और मदकू में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा भी की गई।
इसके अलावा भाटापारा में इनडोर स्टेडियम और क्षेत्र के 10 गांवों में प्रत्येक गांव में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की गई।
34.77 करोड़ के काम पूरे, 34.19 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपये के नए विकास कार्यों का शिलान्यास हुआ।
लोकार्पित कार्यों में लोक निर्माण विभाग के तहत लोरमी विधानसभा क्षेत्र के 20 करोड़ 07 लाख 61 हजार रुपये के आठ कार्य और बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के 10 करोड़ 68 लाख 06 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और पुलिस विभाग के कार्य भी लोकार्पित किए गए।
वहीं शिलान्यास किए गए कार्यों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र का 8 करोड़ 04 लाख 63 हजार रुपये का कार्य शामिल है। लोक निर्माण विभाग के मुंगेली और बिल्हा क्षेत्र के विभिन्न कार्यों के साथ स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की आधारशिला भी रखी गई।
‘आंगन मिलन’ में पोषण और स्वास्थ्य पर जोर
मुख्यमंत्री ने आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और माताओं के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्होंने बच्चों के पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और गर्भवती महिलाओं की देखभाल पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
उन्होंने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं पहुंचाने में इनका महत्वपूर्ण योगदान है।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से मेगा स्वास्थ्य शिविर का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और एनीमिया जैसी समस्याओं की समय पर जांच और पहचान से उपचार में मदद मिलती है।
रक्तदान को बताया मानवता की बड़ी सेवा
रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान मानवता की बड़ी सेवाओं में से एक है। किसी जरूरतमंद को दिया गया रक्त उसके जीवन को बचाने में मदद कर सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं और सेवा भाव से जुड़े लोगों का अभिनंदन किया।
विकास के साथ विरासत संरक्षण पर जोर
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम सराफ को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी और मदकू की प्राचीन विरासत को सामने लाने में उनके योगदान को याद किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मदकू द्वीप छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत को अपने भीतर समेटे हुए है और यह 11वीं सदी का महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मदकू द्वीप के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।