

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major action by ACB-EOW at liquor trader's premises in Balodabazar; financial records scrutinized.
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में चर्चित कथित शराब घोटाले की जांच के बीच एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बलौदाबाजार में बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने शहर के कान्हा विहार स्थित शराब कारोबारी अहिंदर के निवास और उससे जुड़े अन्य ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान जांच अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और कारोबारी दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। टीम द्वारा शराब कारोबारी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। छापेमारी की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके के आसपास एकत्र हो गए।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां कारोबारी के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, संपत्ति संबंधी दस्तावेजों और अन्य कारोबारी गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों का फोकस यह पता लगाने पर है कि कहीं कारोबारी का संबंध राज्य में सामने आए कथित शराब घोटाले से तो नहीं है।
जांच के दौरान जब्त किए गए दस्तावेजों और रिकॉर्ड का विश्लेषण किया जा रहा है। ACB और EOW की टीम शराब कारोबार से जुड़े वित्तीय नेटवर्क और संभावित अनियमितताओं की भी पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि जांच से कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि बलौदाबाजार जिले में इससे पहले भी आबकारी विभाग से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विभिन्न मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। ऐसे में ताजा छापेमारी को जांच के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि, ACB और EOW की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने और दस्तावेजों के विश्लेषण के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आने की संभावना है।