

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major action by CBI in Mahadev betting app case; six new charge sheets filed.
रायपुर। करीब 6,000 करोड़ रुपये के महादेव आनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) ने जांच को आगे बढ़ाते हुए विशेष अदालत में छह नई चार्जशीट दाखिल की हैं। इनमें असीम दास, रोहित गुलाटी, विकास छपड़िया, अनिल दम्मानी, विशाल आहूजा और धीरज आहूजा को आरोपित बनाया गया है। सभी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
सीबीआइ ने पहले से आरोपित महादेव एप के मुख्य संचालक सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ भी पूरक साक्ष्य विशेष अदालत में प्रस्तुत किए हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि नए दस्तावेज और साक्ष्य मामले की जांच को और मजबूत करेंगे।
जांच एजेंसी ने छह नई चार्जशीट के साथ पांच अतिरिक्त आरोपपत्र भी दाखिल किए हैं। इनमें कुल 66 आरोपितों के नाम शामिल हैं। सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के अलावा कथित बेटिंग सिंडिकेट पैनल से जुड़े कई सदस्यों को भी आरोपित बनाया गया है।
जांच के अनुसार महादेव आनलाइन बुक नेटवर्क देश में सामने आए सबसे बड़े अवैध आनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में से एक माना जा रहा है। आरोप है कि अलग-अलग राज्यों में बेटिंग पैनल बनाकर क्रिकेट समेत विभिन्न खेलों पर अवैध सट्टा संचालित किया जाता था। इस नेटवर्क के जरिए म्यूल बैंक खातों का उपयोग कर धन के अवैध लेनदेन और मनी लांड्रिंग को अंजाम दिया जाता था।
सीबीआइ की जांच में सामने आया है कि महादेव एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और उनके कई करीबी सहयोगी वर्षों पहले भारत छोड़कर पश्चिम एशिया के देशों में चले गए थे। वहीं से पूरे सट्टेबाजी नेटवर्क का संचालन किए जाने का आरोप है।
फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सीबीआइ अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से कार्रवाई कर रही है। चार प्रमुख आरोपितों के खिलाफ पहले ही इंटरपोल का रेड कार्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके साथ ही उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने की कानूनी प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।