

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur News: Major action taken against suspended IAS Sameer Vishnoi, property worth Rs 20 crore seized
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से भ्रष्टाचार के एक बड़े मामले में अहम कार्रवाई सामने आई है। आय से अधिक संपत्ति और कोयला लेवी घोटाले में आरोपी निलंबित IAS अधिकारी समीर विश्नोई के खिलाफ विशेष न्यायालय ने करीब 20 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्तियों को अटैच करने का आदेश दिया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
कोयला लेवी स्कैम से जुड़ा मामला
मामला चर्चित कोयला लेवी घोटाले से जुड़ा है, जिसमें समीर विश्नोई को प्रमुख आरोपी माना गया है। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की जांच के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। विशेष न्यायालय, रायपुर ने जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संपत्तियों को अटैच करने के निर्देश दिए हैं।
पत्नी के नाम पर बनाई फर्म, ऐसे खड़ी की संपत्ति
जांच में खुलासा हुआ है कि विश्नोई ने अपनी पत्नी प्रीति विश्नोई के नाम पर फर्म बनाकर कथित अवैध कमाई को निवेश किया। इसके जरिए कई अचल संपत्तियां खरीदी गईं। इनमें महासमुंद जिले में लगभग 22 एकड़ जमीन, नया रायपुर में प्लॉट सहित अन्य संपत्तियां शामिल हैं। आरोप है कि रिश्तेदारों और परिचितों के नाम पर भी निवेश किया गया।
पहले भी ED कर चुकी है कार्रवाई
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा भी इस मामले में विश्नोई की पांच अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया जा चुका है। अब 17 अप्रैल को विशेष न्यायालय में सुनवाई के बाद सभी चिन्हित संपत्तियों को जब्त करने का आदेश जारी किया गया है।