

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major ammonia gas leak incident in Tamil Nadu: 7 female workers dead, 67 unconscious.
तिरुवल्लूर। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में स्थित एक निजी सीफूड प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस के बड़े रिसाव से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 67 कर्मचारी बेहोश हो गए, जिन्हें तत्काल राहत-बचाव दल ने नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 7 महिला कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह हादसा पेरियापलायम के मंजंगरनाई स्थित सेंट पीटर्स पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स यूनिट में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अमोनिया गैस टैंक के वाल्व में रिसाव होने से जहरीली गैस पूरे परिसर में फैल गई। घटना के समय फैक्ट्री में बड़ी संख्या में कर्मचारी काम कर रहे थे, जिनमें अधिकांश 24 से 25 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं थीं।
हादसे में गंभीर रूप से प्रभावित 9 कर्मचारियों को एंबुलेंस के जरिए चेन्नई के गवर्नमेंट स्टेनली मेडिकल अस्पताल भेजा गया है। अन्य प्रभावित कर्मचारियों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है।
तिरुवल्लूर की जिला कलेक्टर एस. कविता ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कर्मचारियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और अधिकारियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि गैस रिसाव किन परिस्थितियों में हुआ और क्या फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही की भी जांच की जाएगी।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सीफूड प्रोसेसिंग यूनिट के संचालन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। जांच पूरी होने और सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।