

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major announcement by CM Sai: A state-wide holiday will be observed in Chhattisgarh on Sant Ravidas Jayanti, and the sale of liquor will also be prohibited.
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने संत शिरोमणि गुरु रविदास के सम्मान में कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐलान किया कि अब से संत रविदास जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। साथ ही माघ पूर्णिमा पर सरकारी अवकाश घोषित किया जाएगा और इस दिन पूरे राज्य में शराब की बिक्री भी बंद रहेगी। इसके अलावा संत रविदास के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार शुरू किया जाएगा, जिसे प्रत्येक वर्ष राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान में ये घोषणाएं कीं। कार्यक्रम के दौरान वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी से भरे कलश का विधिवत पूजन एवं वितरण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रतीक है। उनके विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार कई ऐतिहासिक पहल कर रही है।
उन्होंने बताया कि संत रविदास के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार शुरू किया जाएगा। साथ ही छत्तीसगढ़ विधानसभा में उनके प्रेरक संदेश को अंकित कराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया जाएगा, ताकि जनप्रतिनिधि और नई पीढ़ी उनके विचारों से प्रेरणा ले सके।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नवा रायपुर के एक प्रमुख चौक का नाम संत गुरु रविदास के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन फैसलों का उद्देश्य संत रविदास के समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब माघ पूर्णिमा के दिन पूरे प्रदेश में सरकारी अवकाश रहेगा। इसके साथ ही इस दिन शराब की बिक्री भी पूरी तरह बंद रहेगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के सम्मान में लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाया जा रहा अभियान फरवरी 2027 तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रदेशभर में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।