

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major changes coming to NEET-UG 2027! The exam will now be conducted on computers, and feedback will be sought from students and states.
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG में अगले साल से बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में तैयारी शुरू कर दी है। प्रस्ताव है कि अब यह परीक्षा पारंपरिक पेन-पेपर मोड की बजाय कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के माध्यम से आयोजित की जाए।
हाल के वर्षों में NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली को लेकर उठे सवालों के बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव का निर्णय लिया था। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि भविष्य में परीक्षा को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए CBT मोड अपनाया जाएगा। अब NTA इसी दिशा में विस्तृत तैयारी कर रहा है।
हालांकि NEET-UG का संचालन स्वास्थ्य मंत्रालय से जुड़ा विषय है, इसलिए अंतिम निर्णय से पहले शिक्षा मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच समन्वय किया जा रहा है। इसके अलावा सभी राज्यों से भी चर्चा की जाएगी, ताकि नई व्यवस्था को लेकर किसी तरह की व्यावहारिक समस्या सामने न आए और छात्र समय रहते खुद को नए प्रारूप के अनुसार तैयार कर सकें।
NTA परीक्षा के नए स्वरूप को अंतिम रूप देने से पहले छात्रों, शिक्षकों और आम नागरिकों की राय भी लेने की तैयारी कर रहा है। एजेंसी चाहती है कि बदलाव लागू करने से पहले सभी संबंधित पक्षों के सुझावों पर विचार किया जाए, जिससे परीक्षा प्रणाली अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन सके।
फिलहाल यह तय नहीं हुआ है कि NEET-UG का आयोजन एक ही दिन किया जाएगा या फिर JEE Main और CUET की तरह कई दिनों और अलग-अलग शिफ्टों में परीक्षा होगी। हर वर्ष करीब 22 से 24 लाख अभ्यर्थियों के आवेदन आने के कारण इतनी बड़ी परीक्षा को एक दिन में आयोजित करना बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
NEET-UG परीक्षा में सुधार के लिए गठित राधाकृष्णन समिति ने भी कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली लागू करने की सिफारिश की थी। माना जा रहा है कि अब उसी दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में NEET-UG पुनर्परीक्षा के सफल संचालन के लिए विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि जटिल चुनौतियों का समाधान तभी संभव है, जब सभी विभाग मिलकर समग्र दृष्टिकोण के साथ काम करें। प्रधानमंत्री ने भविष्य में भी इसी तरह के समन्वय और बेहतर व्यवस्था पर जोर दिया।