

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major crackdown by Raipur Police: Interstate conman Bingson John, who defrauded over 300 five-star hotels, arrested.
रायपुर। देशभर के फाइव स्टार होटलों को निशाना बनाकर ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय ठग बिंगसन जॉन को रायपुर पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 10 से अधिक राज्यों के करीब 300 होटलों में ठगी और चोरी करने का आरोप है। रायपुर के तेलीबांधा स्थित हयात होटल से बिना बिल चुकाए फरार होने और होटल का किराए का लैपटॉप लेकर भागने के मामले में पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर उसे दबोच लिया।
मामला तेलीबांधा स्थित हयात होटल का है। होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह की शिकायत के अनुसार, बिंगसन जॉन 25 जून को होटल में ठहरा था। 27 जून की सुबह वह बिना चेक-आउट किए होटल से निकल गया। आरोपी ने होटल का ₹63,755 का बिल नहीं चुकाया और अपनी मांग पर किराए पर लिया गया करीब ₹1.48 लाख कीमत का लैपटॉप भी साथ ले गया।
जब होटल प्रबंधन ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले, जिसके बाद तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। होटल में जमा कराए गए दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिली।
पुलिस टीम ने तत्काल वहां पहुंचकर घटना के 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से होटल का लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वर्ष 1990 से अब तक वह देशभर के 300 से अधिक फाइव स्टार होटलों में ठगी और चोरी की वारदात कर चुका है। पुलिस के अनुसार वह पहली बार 1996 में तिहाड़ जेल गया था और विभिन्न राज्यों की जेलों में करीब 15 वर्ष बिता चुका है।
जांच में सामने आया कि बिंगसन जॉन फर्जी पहचान का सहारा लेकर महंगे होटलों में ठहरता था। वह खुद को कभी विदेशी ट्रैवल गाइड, कभी इंग्लिश टीचर तो कभी योगा टीचर बताता था। कई दिनों तक होटल की सुविधाओं का लाभ उठाने के बाद वह बिना बिल चुकाए होटल का सामान लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कुख्यात ठग और सीरियल किलर Charles Sobhraj से प्रभावित था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि लोगों को धोखा देने के नए-नए तरीके अपनाने की प्रेरणा उसे शोभराज की कार्यशैली से मिली।
बिंगसन जॉन मूल रूप से तमिलनाडु के तूतीकोरिन का निवासी है। रायपुर पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब देश के विभिन्न राज्यों में उसके खिलाफ दर्ज मामलों का रिकॉर्ड भी जुटा रही है।
चार्ल्स शोभराज, जिसे 'बिकिनी किलर' के नाम से भी जाना जाता है, पर 1970 के दशक में थाईलैंड, भारत, नेपाल, अफगानिस्तान, ईरान और हॉन्गकॉन्ग सहित कई देशों में हत्या, लूट और ठगी के गंभीर आरोप लगे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उस पर 20 से अधिक हत्याओं के आरोप लगे, जिनमें सबसे अधिक मामले थाईलैंड से जुड़े बताए जाते हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों और छल-कपट के तरीकों ने उसे दुनिया के सबसे कुख्यात अपराधियों में शामिल कर दिया।