

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major crackdown on bribery in Korba: Manju Krishna Dhirhi, Assistant Grade-02 at the Tehsil office, suspended.
कोरबा। कोरबा जिले में शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामलों में लगातार सख्त रुख अपना रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तहसील कार्यालय कटघोरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 मंजू कृष्णा धिरही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दंडाधिकारी कटघोरा के समक्ष एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि तहसील कार्यालय में नकल जारी करने के बदले आवेदक किशन कुमार से अवैध राशि की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने अपने आरोपों के समर्थन में एक वीडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की थी।
मामले की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटघोरा ने सहायक ग्रेड-02 मंजू कृष्णा धिरही के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निलंबन का आदेश जारी किया।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान मंजू कृष्णा धिरही का मुख्यालय तहसील कार्यालय पोंड़ी-उपरोड़ा निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
इस कार्रवाई को जिला प्रशासन की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि शासकीय सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और आम नागरिकों को बिना किसी अवैध मांग के सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।