

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Blast in furnace at Raigarh steel plant; four workers scalded, two critically injured.
रायगढ़। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट में आज बुधवार दोपहर एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के फर्नेस में अचानक रिसाव होने के बाद जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर चार मजदूर झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि दो मजदूरों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय प्लांट में नियमित उत्पादन कार्य चल रहा था। इसी दौरान फर्नेस में तकनीकी गड़बड़ी के कारण रिसाव हुआ और कुछ ही क्षणों में तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास कार्यरत श्रमिक इसकी चपेट में आ गए और फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में अमरेश कुमार (35), रामनाथ, उजेन्द्र और फिरोज घायल हुए हैं। उद्योग प्रबंधन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ के अपेक्स अस्पताल पहुंचाया। इनमें से दो मजदूरों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने बताया कि सभी घायलों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है तथा उनका उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक संचालक राहुल पटेल ने बताया कि हादसे में घायल चारों श्रमिक लगभग 10 प्रतिशत तक झुलसे हैं। इनमें से एक श्रमिक के हाथ में फ्रैक्चर भी आया है। सभी घायलों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
हादसे के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम जांच के लिए रवाना कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में फर्नेस में रिसाव को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। प्रशासन और संबंधित विभाग घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।