

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

VB G Ram G scheme to come into effect from July 1; atmosphere of enthusiasm in rural areas.
रायपुर। प्रदेश के ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 से वीबी जी राम जी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना लागू की जाएगी। योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में पूरे राज्य में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत बेरला की ग्राम पंचायत सांकरा एवं देवरी में ग्रामीणों ने योजना के प्रचार-प्रसार के लिए मानव श्रृंखला बनाकर अनूठी पहल की। ग्रामीणों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर “वीबी जी राम जी - गांव की प्रगति, हम सबकी जिम्मेदारी”, “रोजगार और आजीविका का नया संबल” और “समृद्ध गांव, सशक्त परिवार” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने एक्स अकाउंट पर बेमेतरा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह तस्वीर गांवों की जागरूकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी मानव श्रृंखला को योजना के प्रति जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसकी प्रशंसा की।

मानव श्रृंखला के दौरान ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाया जाएगा। लोगों ने इसे केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अभियान बताया।
ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने बताया कि वीबी जी राम जी योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, रोजगार सृजन करना और परिवारों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत स्तर पर व्यापक तैयारियां जारी हैं।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की कार्ययोजना के अनुसार 30 जून 2026 तक पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा हितग्राहियों का प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि योजना का क्रियान्वयन सुचारू रूप से हो सके।

योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाओं, चौपालों, पोस्टर-बैनर, मुनादी, प्रचार रथ और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि और स्थानीय सामाजिक संगठन भी लोगों को योजना की जानकारी देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि 1 जुलाई से योजना लागू होने के साथ प्रदेश के लाखों ग्रामीण परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर लाइव आकर आगामी ग्राम सभाओं और वीबी जी राम जी योजना की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा लाइव सत्र के दौरान नागरिकों के सवालों के जवाब भी दिए।
