

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major crackdown on food establishments in Bilaspur; 117 kg of sweets seized, three licenses suspended.
बिलासपुर। मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में चलाए गए सात दिवसीय विशेष अभियान ‘बने खाबो, बने रहिवो 2.0’ के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने व्यापक जांच और कार्रवाई की। अभियान के दौरान जिलेभर में 19 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने 15 कानूनी और 4 निगरानी सैंपल लिए, जबकि विभिन्न दुकानों से करीब 117 किलो मिठाई जब्त कर नष्ट कराई गई।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों का निर्माण अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में होता पाया गया। ऐसे मामलों में विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। मेसर्स राम स्वीट्स, नगपुरा-सिरगिट्टी में खाद्य पदार्थों का निर्माण अस्वच्छ परिस्थितियों में पाए जाने पर उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
इसी तरह प्रबल फूड प्रोडक्ट्स, दुगानी-गस्तूरी का पंजीयन निलंबित करते हुए प्रतिष्ठान को बंद करा दिया गया। वहीं, 14 अगस्त 2026 को गढ़ासी रेस्टॉरेंट, बिलासपुर का लाइसेंस भी अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार किए जाने के कारण निलंबित किया गया।
अभियान के दौरान पवन ट्रेडर्स, व्यापार विहार से 102 किलो ‘बर्फी मिक्स’ जब्त किया गया। मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अलावा राम स्वीट्स से करीब 15 किलो बर्फी जब्त कर नष्ट कराई गई।
रानीगांव स्थित कमलेश जनरल स्टोर से ‘शिव गंगा नमकीन’ का नमूना लिया गया। उत्पाद पर भ्रामक दावा किए जाने के मामले में प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को उत्पादों की लेबलिंग और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के दौरान कार्रवाई के साथ-साथ आम लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। उपभोक्ताओं से खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर दी गई लेबल संबंधी जानकारी ध्यान से पढ़ने, अत्यधिक रंग वाले खाद्य पदार्थों से बचने और खाद्य सामग्री को साफ एवं सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई।
खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके तहत बनाए गए नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सात दिवसीय अभियान समाप्त होने के बाद भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की लगातार निगरानी की जाएगी। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जांच और प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन और छत्तीसगढ़ खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई में नामित अधिकारी आरआर देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी क्षीरसागर पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी की टीम शामिल रही।