

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Gwalior Cyber Fraud: Major cyber fraud unearthed in Gwalior; over ₹1 crore transacted through a single bank account in one day; account linked to 34 complaints.
ग्वालियर। ग्वालियर में साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कंपू इलाके के रहने वाले 28 वर्षीय विशाल कन्नोजिया के नाम पर संचालित एक बैंक खाता देशभर में दर्ज साइबर ठगी की 34 शिकायतों से जुड़ा पाया गया है। हैरानी की बात यह है कि इस खाते में एक ही दिन में एक करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच को ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के तहत इस संदिग्ध बैंक खाते की जानकारी मिली थी। इसके बाद 1930 साइबर क्राइम पोर्टल पर खाते की जांच की गई, जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 34 साइबर ठगी की शिकायतों में इसका कनेक्शन सामने आया। बैंक स्टेटमेंट की पड़ताल में पता चला कि 19 अप्रैल 2026 को खाते में एक करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम जमा की गई और उसी दिन निकाल भी ली गई।
साइबर ठगी के इस नेटवर्क की जांच में ग्वालियर जिले में कुल 177 म्यूल बैंक खातों का पता चला है। पुलिस मुख्यालय की ओर से कार्रवाई के लिए 180 संदिग्ध खातों की सूची भेजी गई थी। जांच में इनमें से तीन खाते भिंड और 177 खाते ग्वालियर जिले के पाए गए। शुरुआती जांच में इन खातों से जुड़े मामलों में 300 से अधिक संदिग्धों और आरोपितों की पहचान की जा चुकी है।
पुलिस ने इन बैंक खातों का पूरा विवरण जिले के सभी थानों को भेजकर जांच के निर्देश दिए हैं। सीएसपी मनीष यादव के मुताबिक, अलग-अलग जिलों और राज्यों में हुई साइबर ठगी से जुड़े इन खातों को पहले ही होल्ड कराया जा चुका है। विश्वविद्यालय थाने के अलावा अन्य थानों में भी संबंधित मामलों में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
लगातार सामने आ रहे म्यूल बैंक खातों और करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन ने साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क की आशंका बढ़ा दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन बैंक खातों का संचालन कौन कर रहा था और ठगी से हासिल रकम को किन माध्यमों से आगे ट्रांसफर किया जा रहा था। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उसके पीछे सक्रिय गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।