

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major incident in Sarangarh-Bilaigarh: Former Sarpanch and his wife missing after car is swept away in a swollen stream; SDRF conducting search operation.
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के दानसरा से करीब 4 किलोमीटर दूर माधोपाली गांव के पास रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बहाव वाले नाले को पार करते समय एक कार अनियंत्रित होकर पानी में बह गई। कार में सवार ग्राम बड़े घोंठला के पूर्व सरपंच और व्यवसायी देवनारायण पटेल तथा उनकी पत्नी सविता पटेल हादसे के बाद से लापता हैं।
जानकारी के अनुसार, देवनारायण पटेल अपनी पत्नी के साथ रविवार शाम करीब 5 बजे सारंगढ़ से अपने गांव बड़े घोंठला लौट रहे थे। माधोपाली के पास पुराने पुल पर पहुंचने के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और तेज बहाव के कारण नाले में जा गिरी। बारिश के चलते नाले में पानी का बहाव काफी तेज था, जिसके कारण कार कुछ ही समय में बह गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर कुछ लकड़ियां रखी हुई थीं। कार चालक ने वाहन को किनारे से निकालने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दंपती को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धार के कारण वे सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रविवार रातभर स्थानीय लोगों की मदद से खोज अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण कोई सफलता नहीं मिली।
सोमवार सुबह रायगढ़ एसडीआरएफ की टीम ने तलाश शुरू की। इसके बाद बिलासपुर से 10 सदस्यीय विशेष एसडीआरएफ टीम भी मौके पर पहुंची। दोनों टीमें संयुक्त रूप से नाले में दंपती की तलाश कर रही हैं, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा भी दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और तलाश अभियान को तेज करने के निर्देश दिए।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में इस नाले में बाढ़ जैसी स्थिति बनती है, इसके बावजूद समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए।लोगों के मुताबिक, नया पुल तैयार हो चुका है, लेकिन उसका उपयोग नहीं हो रहा है। यदि पुराने पुल पर उचित बैरिकेडिंग और चेतावनी व्यवस्था होती तो हादसे को टाला जा सकता था। फिलहाल SDRF की टीमें लगातार दंपती की तलाश में जुटी हुई हैं।