

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: Major political upheaval in TMC, 58 rebel MLAs along with Ritabrata Banerjee form a separate group, Speaker gives approval
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) में बगावत खुलकर सामने आ गई है। पार्टी से निलंबित विधायक ऋतब्रत बनर्जी समेत 58 बागी विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही विधानसभा स्पीकर ने ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता प्रदान कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में 60 विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ बोस से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि वही टीएमसी का असली गुट हैं और उनके पास दो-तिहाई से अधिक विधायकों का समर्थन मौजूद है। बागी गुट ने स्पीकर को समर्थन पत्र भी सौंपा, जिस पर 58 विधायकों के हस्ताक्षर बताए जा रहे हैं।
नई नेतृत्व टीम का भी किया गया ऐलान
बागी विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष नई नेतृत्व टीम का प्रस्ताव भी रखा। इसके तहत ऋतब्रत बनर्जी को विधायक दल का नेता बनाया गया है। वहीं जावेद खान, संदीपन साहा और शिउली साहा को उप नेता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रघुनाथगंज के विधायक अखरुज्जमान को मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) नियुक्त किया गया है।

ममता बनर्जी के धरने से दूरी ने बढ़ाई अटकलें
यह पूरा घटनाक्रम विधानसभा में हुई विधायकों की बैठक के बाद सामने आया। खास बात यह रही कि बैठक में शामिल कोई भी विधायक मंगलवार को कोलकाता में आयोजित तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धरने में शामिल नहीं हुआ। दूसरी ओर, पार्टी नेतृत्व के करीबी माने जाने वाले कई वरिष्ठ नेता भी बुधवार को विधानसभा में हुई बैठक से दूर रहे।
दलबदल कानून के तहत पूरा किया आंकड़ा
दलबदल रोधी कानून के अनुसार किसी भी अलग गुट को अयोग्यता से बचने के लिए विधायक दल के कम से कम दो-तिहाई सदस्यों का समर्थन जरूरी होता है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में टीएमसी के 80 विधायक होने के चलते यह आंकड़ा 54 का बनता है। बागी गुट ने दावा किया है कि उनके पास 58 से अधिक विधायकों का समर्थन है।
ममता बनर्जी को ही बताया अपना नेता
हालांकि पूरे घटनाक्रम के बीच ऋतब्रत बनर्जी ने ममता बनर्जी के खिलाफ सीधे तौर पर कोई बयान नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ही उनकी नेता हैं और वे उनसे मार्गदर्शन की उम्मीद करते हैं। ऋतब्रत ने कहा कि उनका गुट सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगा और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।