

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major revelation in the case of an explosion on a rail track in Sri Ganganagar, Rajasthan
राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेल ट्रैक पर हुए धमाके के तार पंजाब के सीमावर्ती गांवों से जुड़े हैं। पाकिस्तानी हैंडलरों ने अपने प्रेमजाल और आर्थिक मदद के जरिए गुरदासपुर की महकप्रीत कौर को अपने प्रभाव में लेकर धमाका करवाया। राजस्थान पुलिस ने महकप्रीत और उसके साथी, दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से दो पिस्तौल और 40 कारतूस बरामद हुए हैं।
दरअसल, तीन नवंबर को श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलमार्ग पर गांव 50 जीबी के निकट धमाका हुआ था। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर राजस्थान पुलिस गुरदासपुर पहुंची। एडीजीपी दिनेश एनएम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नितिन चौधरी के नेतृत्व वाली टीम ने स्थानीय पुलिस चौकी दोस्तपुर की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महकप्रीत गुरदासपुर के गांव दोस्तपुर, जबकि दविंदर गांव चौड़ा कलां का रहने वाला है।
एसएसपी गुरदासपुर आदित्य के अनुसार, दोनों आरोपी तीन बार राजस्थान गए थे। पहली बार छह अक्टूबर को धमाके के लिए जरूरी सामान नहीं मिला, जबकि दूसरी बार 12 अक्टूबर को वे धमाका नहीं कर पाए। तीसरी बार उन्होंने धमाका किया। एसएसपी आदित्य के अनुसार, पाकिस्तान में बैठे शाह नाम के हैंडलर ने महकप्रीत को ऑनलाइन एक लाख रुपए भेजे थे। इसमें से 30 हजार रुपए बरामद कर लिए गए हैं। किसी अन्य माध्यमों से भी कुछ और रुपए भेजे जाने की आशंका है।
इसकी मामले की जांच में यह सामने आया है, कि महकप्रीत का संपर्क जेल में बंद उसके पूर्व पति ने पाकिस्तानी हैंडलर लवली से करवाया था। उसके बाद लवली के जरिए ही उसका आइएसआइ से जुड़े दो हैंडलरों चाचा और शाह से संपर्क हुआ था। शुरूआत में बातचीत कर शाह ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और आर्थिक मदद के जरिए इसका विश्वास जीता। जब वह उन पर निर्भर हो गई तो दबाव बनाकर उसे इन गतिविधियों में शामिल किया गया।
महकप्रीत के साथी दविंदर सिंह की मां बलजीत कौर और उसके रिश्तेदार सुखविंदर कौर ने बताया, कि महकप्रीत और दविंदर दो माह पहले ही एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। दविंदर महकप्रीत से शादी करने की बात कहता था। वह एक नवंबर को दोस्त के इंटरव्यू के सिलसिले में दिल्ली जाने की बात कहकर निकला और करीब पांच दिन बाद लौटा।
महकप्रीत के पिता तिरलोक सिंह और मां सरबजीत कौर ने बताया, कि बेटी अक्सर कई-कई दिन घर से गायब रहती थी और परिवार को कुछ नहीं बताती थी। उसने दो साल पहले अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया था, लेकिन छह माह बाद ही तलाक हो गया। उसका पूर्व पति भी नशा तस्करी के आरोप में जेल में बंद है। दोनों परिवारों ने रेल ट्रैक धमाके की जानकारी होने से इन्कार किया है।