

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major road accident in the UAE: An out-of-control truck collided with several vehicles, leaving 14 people dead and 30 injured; the victims include several Indians.
नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह अमीरात में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक बेकाबू ट्रक ने सड़क पर कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में जान गंवाने वालों में कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। UAE के गृह मंत्रालय के मुताबिक, यह दुर्घटना फुजैराह अमीरात के एंट्री गेट के पास एक सड़क पर आधी रात के आसपास हुई।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, सड़क पर जा रहे एक ट्रक के ड्राइवर ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रक पहले एक अन्य वाहन से टकराया और फिर पलट गया। सड़क पर ट्रैफिक जाम के कारण कई गाड़ियां रुकी हुई थीं, जिन्हें ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के दौरान ट्रक में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास के कई वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग और टक्कर के कारण भारी जान-माल का नुकसान हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 30 लोग घायल हुए हैं। इनमें से लगभग आधे लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी घायलों का इलाज जारी है।
इस हादसे में कई भारतीय नागरिकों की मौत होने की पुष्टि भारतीय वाणिज्य दूतावास ने की है। दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया कि मृतकों की पहचान के लिए DNA टेस्ट कराए गए हैं। दूतावास ने शोक संतप्त परिवारों से संपर्क किया है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। हादसे में भारतीयों की मौत की खबर से उनके परिवारों में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में घायल लोगों में UAE, ओमान, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। अधिकारियों की ओर से हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।