

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Attempted Assassination of Donald Trump: Man arrested after arriving near the White House in a pickup truck loaded with weapons; claimed he intended to kill Trump.
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। व्हाइट हाउस के पास हथियारों से भरे एक संदिग्ध पिकअप ट्रक के साथ वेनेजुएला के 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की तलाशी में ट्रक से AR-15 राइफल, MAC-10 मशीन पिस्टल और ग्लॉक पिस्तौल समेत कई हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद हुए हैं।
आरोपी की पहचान रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान उसने अधिकारियों को बताया कि उसके दिमाग में आवाजें आती हैं, जो उसे वॉशिंगटन जाकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या करने के लिए कहती हैं। हालांकि, यह दावा अदालत में दाखिल आपराधिक शिकायत के हलफनामे में दर्ज नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना गुरुवार रात करीब 11:42 बजे की है। उस समय अमेरिकी सीक्रेट सर्विस का एक अधिकारी व्हाइट हाउस के आसपास गश्त कर रहा था। इसी दौरान कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर नीले रंग का फोर्ड F-150 पिकअप ट्रक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया।
अधिकारी ने ट्रक में बैठे युवक से उसकी सुरक्षा और हथियारों के बारे में पूछताछ की। जब उससे पूछा गया कि क्या उसके पास हथियार हैं, तो उसने सिर हिलाकर हामी भरी और उंगली से बंदूक चलाने जैसा इशारा किया। इसके बाद वह वाहन से बाहर आया और अधिकारियों से गूगल ट्रांसलेट की मदद से बातचीत की।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को ट्रक से तीन हथियार मिले। इनमें MAC-10 मशीन पिस्टल, ग्लॉक 43X पिस्तौल और AR-15 राइफल शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में कारतूस भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसके पास बंदूक इसलिए थी, क्योंकि किसी व्यक्ति ने उसी हथियार से उसे मारने की कोशिश की थी। उसने बताया कि उसने उस व्यक्ति से हथियार छीन लिया था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पिकअप ट्रक चोरी का था और दक्षिण कैरोलिना में इसकी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) के मुताबिक, क्रिनोस वर्ष 2024 में अवैध तरीके से अमेरिका में दाखिल हुआ था। इसके बाद बॉर्डर पेट्रोल ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया था। अब व्हाइट हाउस के पास हथियारों के साथ पकड़े जाने के बाद वह जांच एजेंसियों के घेरे में है।
क्रिनोस पर राइफल और अन्य हथियार रखने, बिना कानूनी अनुमति हथियारों को रखने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने तथा बिना रजिस्ट्रेशन बंदूक रखने के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा बिना रजिस्ट्रेशन के कारतूस रखने के तीन मामले भी दर्ज किए गए हैं।
आरोपी पर बिना अनुमति वाहन इस्तेमाल करने, चोरी और चोरी की संपत्ति अपने पास रखने के आरोप भी लगाए गए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अधिकारी बरामद हथियारों के स्रोत तथा आरोपी के इरादों की पड़ताल कर रहे हैं।