

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Cristiano Ronaldo bids farewell to international football; a golden 23-year journey comes to an end.
लिस्बन। पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 41 साल की उम्र में उनके इस फैसले के साथ ही राष्ट्रीय टीम के लिए खेला गया 23 साल का शानदार सफर समाप्त हो गया। रोनाल्डो ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि वह पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम की नंबर 7 जर्सी वापस कर दें।
रोनाल्डो का अंतरराष्ट्रीय करियर कई ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने पुर्तगाल के लिए कुल 234 मुकाबले खेले, जो पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में किसी भी खिलाड़ी से अधिक है। इस दौरान उनके नाम 146 गोल दर्ज हुए। अंतरराष्ट्रीय गोल के मामले में वह शीर्ष स्थान पर है और इस सूची में लियोनेल मेसी से 20 गोल आगे है।उन्होंने अपने करियर में 12 बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। रोनाल्डो छह फीफा वर्ल्ड कप और पांच यूरो कप खेलने के साथ इन दोनों प्रतियोगिताओं में गोल करने वाले इकलौते खिलाड़ी रहे।
पुर्तगाल की टीम को नई पहचान दिलाने में रोनाल्डो की अहम भूमिका रही। उनकी कप्तानी में देश ने वर्ष 2016 में पहली बार यूरो कप का खिताब अपने नाम किया। यह पुर्तगाली फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक रही। मैदान पर उनके प्रदर्शन और नेतृत्व ने उन्हें देश के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में शामिल कर दिया।
रोनाल्डो के संन्यास के फैसले से पहले टीम में उनकी भूमिका को लेकर चर्चा तेज हुई थी। 4 अक्टूबर को नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले में कोच ने उन्हें पूरे मैच के दौरान बेंच पर बैठाए रखा। बताया गया कि करीब 18 साल में ऐसा पहली बार हुआ था, जब रोनाल्डो किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में मैदान पर नहीं उतरे।इस फैसले के बाद वह टीम कैंप छोड़कर चले गए थे। इसके चलते उन पर 30 दिन का प्रतिबंध भी लगा। अब अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा के साथ उनके राष्ट्रीय टीम के सफर का अंत हो गया है।
रोनाल्डो सिर्फ फुटबॉल के मैदान पर ही नहीं, बल्कि कमाई के मामले में भी दुनिया के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल रहे है। उनकी अनुमानित संपत्ति करीब 11 हजार करोड़ रुपये बताई जाती है। खेल, विज्ञापन और कारोबारी गतिविधियों के जरिए उन्होंने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।