

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Egypt Train Accident: Severe collision between two trains in Egypt; 7 dead and over 100 injured; several carriages derailed.
नई दिल्ली। अफ्रीकी देश मिस्र में एक भीषण रेल हादसा हुआ है। राजधानी काहिरा से करीब 76 किलोमीटर दूर गीजा प्रांत में दो ट्रेनों की आमने-सामने नहीं, बल्कि पीछे से हुई टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद कई डिब्बे पटरी से उतर गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों में एक ट्रेन का ड्राइवर भी शामिल है।
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हादसे में घायल लोगों का अस्पतालों में इलाज जारी है। घटना पर राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने दुख जताते हुए कहा कि वे इस हादसे से बेहद चिंतित हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
रेलवे अथॉरिटी के मुताबिक, एक ट्रेन गीजा से फयूम जा रही थी, जबकि दूसरी ट्रेन काहिरा से असवान की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान गीजा से आ रही ट्रेन ने दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए और रेलवे ट्रैक पर मलबा फैल गया।
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। पटरी से उतरे डिब्बों और मलबे को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है। दुर्घटना के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। रेलवे अथॉरिटी ने हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ट्रेनों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।
मिस्र में रेल दुर्घटनाओं का पुराना इतिहास रहा है। साल 2002 में काहिरा के दक्षिणी इलाके में छुट्टियों पर जा रहे यात्रियों से भरी एक ट्रेन में आग लग गई थी। इस हादसे में 370 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। वहीं, साल 2009 में इसी क्षेत्र में कई रेल दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें दर्जनों लोगों की जान चली गई थी।
गौरतलब है कि मिस्र के पास अफ्रीका का सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क है। देश की 11 करोड़ से अधिक आबादी का बड़ा हिस्सा आवागमन के लिए रेल सेवाओं पर निर्भर है। इसके बावजूद यहां समय-समय पर गंभीर रेल हादसे सामने आते रहे हैं।